केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- अशांत वैश्विक समय में, भारत स्थिरता एवं वृद्धि का प्रकाश स्तंभ है...
ग्लोबल इंडस्ट्री के लोगों से देश के तेजी से बढ़ते सेमीकंडक्टर परिवेश में निवेश करने का आग्रह किया है;
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज अशांत वैश्विक समय में भारत को स्थिरता एवं वृद्धि का प्रकाश का स्तंभ बताया है। उन्होंने ग्लोबल इंडस्ट्री के लोगों से देश के तेजी से बढ़ते सेमीकंडक्टर परिवेश में निवेश करने का आग्रह किया है।
अश्विनी वैष्णव ने भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया है। मंत्री ने कहा कि साढ़े तीन साल की छोटी सी अवधि में दुनिया भारत की ओर विश्वास से देख रही है। आज पांच सेमीकंडक्टर इकाइयों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। एक इकाई की शुरुआती लाइन पूरी हो गई है। कुछ ही महीनों में दो और इकाइयों की उत्पादन शुरू होने वाली है।
सेमीकंडक्टर की मांग में बढ़ोतरी
उन्होंने कहा कि हम अभूतपूर्व समय में जी रहे हैं। वैश्विक नीतिगत से काफी अनिश्चितता उत्पन्न हो गई है। इस अशांत समय में भारत स्थिरता एवं वृद्धि के प्रकाश स्तंभ के रूप में खड़ा है। उन्होंने वैश्विक निवेशकों से भारत में निवेश करने का अनुरोध किया। इसके अलावा देश के स्थिर नीतिगत माहौल एवं सेमीकंडक्टर मिशन के पारदर्शी प्रबंधन का भी उल्लेख किया।
मेक इन इंडिया
उन्होंने आगे कहा कि पिछले एक दशक में देश का इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन छह गुना एवं निर्यात आठ गुना बढ़ा है। मंत्री वैष्णव ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ की पहल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नए संयंत्रों को बढ़ावा मिलने से सेमीकंडक्टर की मांग हर तिमाही में बढ़ती जा रही है, इसमें निवेश के लिए सही समय है।