नमो भारत रेल जल्द सराय काले खां से मोदीपुरम तक चलेगी, आज ट्रायल, प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन
इससे मेरठ के भीतर और मेरठ से नमो रेल तक पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा।
नई दिल्ली। नमो भारत रेल जल्द सराय काले खां से मोदीपुरम तक चलेगी। नमो भारत रेल के स्टेशनों का काम पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द इसका उद्घाटन करेंगे। शुक्रवार को इन रूटों पर ट्रायल भी शुरू होगा। नरेंद्र मोदी इस दौरान कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। जिसको लेकर प्रशासन की टीम ने तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले दिल्ली-मेरठ नमो कारीडोर का न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ नमो स्टेशन का करीब 55 किमी लंबा हिस्सा चालू है।
सराय काले खां से न्यू अशोक नगर का करीब पांच किलोमीटर लंबा हिस्सा
दिल्ली की तरफ सराय काले खां से न्यू अशोक नगर का करीब पांच किलोमीटर लंबा हिस्सा अब तैयार हुआ है। मेरठ साउथ से मोदीपुरम का 21 किमी का स्ट्रेच भी पूरा है। उद्घाटन के बाद इससे यात्रियों की नमो रेल के साथ भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और बस तक सीधा पहुंचना आसान होगा।
प्रधानमंत्री मोदी 22 फरवरी को दोनों कॉरीडोर का उद्घाटन करेंगे
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को इस ट्रेन का ट्रायल रन होगा जबकि प्रधानमंत्री मोदी दो दिन बाद 22 फरवरी को दोनों कॉरीडोर का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के साथ ही आम लोग के लिए कॉरिडोर खोल दिया जाएगा। जिससे सराय काले खां मेगा ट्रांसपोर्ट हब से यात्री अपनी मंजिल के लिए आसानी से दूसरा वाहन पकड़ सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार पहली बार नमो रेल सरायकाले खां से बेगमपुल तक चलेगी। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मीडियाकर्मी भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने आगे कहा कि मेरठ मेट्रो का काम भी पूरा हो गया है। 23 किमी लंबी इस मेट्रो में 13 स्टेशन हैं। इस कारीडोर का भी 22 फरवरी को उद्घाटन होगा।