अब 7 दिन में मिल जाएगा PNG कनेक्शन, जानें घर बैठे फोन से अप्लाई करने का तरीका...
सरकार ने किसी भी नए पीएनजी कनेक्शन को 7 दिनों के अंदर मंजूरी देने का निर्देश दिया है
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने किसी भी नए पीएनजी कनेक्शन को 7 दिनों के अंदर मंजूरी देने का निर्देश दिया है। इसका मकसद अधिक से अधिक लोगों को एलपीजी से पीएनजी की तरफ ले जाना है। जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में पीएनजी कनेक्शन की मांग में वृद्धि हुई है। सबसे अहम यह है कि पीएनजी कनेक्शन के लिए अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है, आप घर बैठे अपने मोबाइल फोन से ही आवेदन कर सकते हैं।
पीएनजी कनेक्शन के लिए इन डॉक्यूमेंट की पड़ेगी जरूरत
पीएनजी कनेक्शन के लिए पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट में से कोई एक डॉक्यूमेंट देना होता है। इसेक साथ ही एड्रेस के लिए बिजली बिल, टेलीफोन बिल, राशन कार्ड या प्रॉपर्टी टैक्स जैसे डॉक्यूमेंट जरूरी होते हैं। यदि आप किराए के घर में रहते हैं तो मकान मालिक की एनओसी और रेंट एग्रीमेंट भी देना होगा। इसके साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो को पहले से पीडीएफ अथवा जेपीईजी फॉर्मेट में तैयार रखना जरूरी होता है।
ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बेहद आसान है। इसके लिए सबसे पहले जिस कंपनी से कनेक्शन लेना है उसकी वेबसाइट या ऐप पर जाकर अप्लाई ऑनलाइन ऑप्शन सेलेक्ट करें। इसके बाद डोमेस्टिक पीएनजी कनेक्शन सेलेक्ट करें और पिन कोड डालकर अपने इलाके में सुविधा की उपलब्धता चेक करें। यदि आपके एरिया में पाइपलाइन उपलब्ध है तो रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरें और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें। इसके बाद सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होता है जो आमतौर पर 5000 से 7000 रुपये के बीच होता है। पेमेंट के बाद आपको एक आवेदन संख्या या रेफरेंस नंबर मिलता है, जिससे आप अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।