दिल्ली-NCR में बारिश ने तोड़ा इतने साल का रिकॉर्ड! इस दिन तक बरसेंगे बदरा
नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिली है। वहीं इस साल अभी रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। दरअसल, पिछले दो साल का रिकॉर्ड टूट गया है। दिल्ली में 18.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले 2025 में 1.8 और 2024 में 4.3 एमएम बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने इस सप्ताह दो दिन और झमाझम बारिश का अनुमान जताया है, जिससे रिकॉर्ड में और बढ़ोतरी हो सकती है।
कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई
हल्की फुहारों और हवाएं चलने से सोमवार की सुबह मौसम खुशनुमा हो गया। अचानक काले बादलों के कारण अंधेरा छा गया और कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो गई, लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में सफदरजंग मानक केंद्र में 1.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम आर्द्रता 96 प्रतिशत और न्यूनतम 54 प्रतिशत रही। इसके अलावा, रिज और आया नगर में 29.3, लोधी रोड में 29.6 और पालम में 28.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
दो पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ने की आशंका
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत पर दो पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ने की आशंका है। पहला 26 और दूसरा 29 मार्च को सक्रिय हो सकता है। विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में अगले हफ्ते मौसम में हल्के बदलाव की संभावना है। ऐसे में तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। 24 से 28 मार्च तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा।