ट्रंप ने यू टर्न लेकर 5 दिनों के लिए किया सीजफायर! ईरान से शांति वार्ता होने का दावा, कहा-तेल की कीमतें तेजी से नीचे आएंगी

Update: 2026-03-23 17:12 GMT

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज ईरान युद्ध को खत्म करने को लेकर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने दावा किया कि ईरान के नेतृत्व ने खुद उनसे संपर्क किया है और वे एक बड़ी डील के लिए तैयार हैं। साथ ही ट्रंप ने कहा कि इस डील के तहत अब ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा और परमाणु इनरिचमेंट को भी पूरी तरह से बंद करने पर सहमत हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर अगले 5 दिन में बात बनी तो ठीक वरना ईरान पर बमबारी जारी रहेगी।

ईरान समझौता करना चाहता है

दरअसल, ट्रंप ने मीडियाकर्मियों से कहा कि मैंने उन्हें फोन नहीं किया बल्कि उनका फोन आया था। वे समझौता करना चाहते हैं और हम भी इसके लिए तैयार हैं। एक अच्छी डील होने वाली है। इससे युद्ध और परमाणु हथियारों का खतरा खत्म हो जाएगा।

ईरानी नेता के साथ कर रहे हैं बातचीत 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी दूत एक "सम्मानित" ईरानी नेता के साथ बातचीत कर रहे हैं। ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि पश्चिम एशिया के लिए उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने रविवार शाम को बातचीत की। ट्रंप ने तेहरान का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी अधिकारी या अधिकारियों का नाम नहीं लिया।

इजरायल भी इस शांति समझौते से खुश होगा

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जैसे ही यह डील पूरी होगी तेल की कीमतें तेजी से नीचे आएंगी। मैं चाहता हूं कि सिस्टम में ज्यादा से ज्यादा तेल आए। ट्रंप ने आगे कहा कि अगर बातचीत सफल रहती है तो इजरायल भी इस शांति समझौते से खुश होगा। हालांकि ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी वे किसी बात की गारंटी नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा-हम अगले पांच दिनों तक देखेंगे कि बातचीत कैसी रहती है। अगर सब ठीक रहा तो हम इस विवाद को सुलझा लेंगे। वरना, पूरी ताकत से बमबारी जारी रखेंगे।

हमें नहीं पता कि आयतुल्ला अली जीवित हैं या नहीं

ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के साथ कोई समझौता हो जाता है, तो अमेरिका ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण संवर्धित यूरेनियम को अपने कब्जे में लेने के लिए कदम उठाएगा। ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई के बेटे मुज्तबा खामेनेई की गैरहाजिरी की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमें नहीं पता कि वो जीवित हैं या नहीं, किसी ने उनसे बात नहीं की है। मुज्तबा गायब हैं। वहां कुछ बड़ा चल रहा है और एक तरह का रिजीम चेंज पहले ही हो चुका है।

Tags:    

Similar News