लोकसभा में बढ़ेंगी सीटें , महिलाओं को 2029 आम चुनाव से मिलेगा आरक्षण.. सरकार लाएगी संशोधन बिल
सरकार ने इसे लेकर विपक्षी दलों के नेताओं से बातचीत भी शुरू कर दी है।
नई दिल्ली। सरकार 2029 के आम चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने का नया संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी में है। दरअसल लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने के लिए सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आई थी, यह बिल पारित हो गया था, लेकिन लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू नहीं हो सका। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने लोकसभा सीटों को बढ़ाने पर विचार कर रही है।
महिलाओं को आरक्षण देने का मकसद
महिलाओं को आरक्षण देने के लिए सरकार अब संसद में संशोधन विधेयक लाएगी। इस बिल में लोकसभा सीटों के परिसीमन और सीटें बढ़ाने के लिए 2011 की जनगणना को ही आधार मानने का प्रावधान किया जाएगा. यह संशोधन विधेयक पारित होने के बाद नए परिसीमन में लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 816 हो जाएंगी। 816 सदस्यों वाली लोकसभा में 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।
संविधान संशोधन लाने की भी तैयारी
सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के साथ ही संविधान संशोधन लाने की भी तैयारी कर रही है। यह संविधान संशोधन इसलिए लाया जाएगा, जिससे साल 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा में सीटें बढ़ाई जा सकें और 2029 के आम चुनाव में महिला आरक्षण लागू किया जा सके। साल 2011 की जनगणना के आधार पर 2029 के लोकसभा चुनाव में सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 की जा सकती है। इसमें महिलाओं के लिए 273 सीटें आरक्षित की जा सकती हैं।
गृह मंत्री ने की विपक्ष के पास रखा प्रस्ताव
सरकार ने इसे लेकर विपक्षी दलों के नेताओं से बातचीत भी शुरू कर दी है। गृह मंत्री अमित शाह ने महिला आरक्षण बिल में संशोधन को लेकर शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद पवार) जैसे विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बातचीत की है।