एक ओर जाएंगे पिता सीएम नीतीश तो दूसरी ओर यात्रा पर निकलेंगे निशांत कुमार, जानें क्या है सियासी गणित...
आज डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात होगी, इस दौरान राज्यसभा चुनाव और बिहार में नई सरकार बनने पर बातचीत हो सकती है...
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा होने के बाद से बिहार की राजनीति का पारा गरम हो गया है। नीतीश कुमार के बाद उनके बेटे निशांत कुमार भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। नए सियासी समीकरणों को लेकर सभी के मन में उथल-पुथल मच रही है। निशांत कुमार आज जदयू में शामिल होकर अपनी सियासी यात्रा चंपारण से शुरू करेंगे। उन्हें उपमुख्यमंत्री पद का संभावित दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ पर निकलेंगे, जो बतौर सीएम शायद उनकी अंतिम यात्रा कही जा सकती है। जानकारी के अनुसार, बिहार की राजनीतिक के मुद्दे पर चर्चा को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी आज अमित शाह से मिलेंगे।
निशांत आज लेंगे पार्टी की सदस्यता
आज नीतीश कुमार के बेटे निशांत जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में विधिवत दल की सदस्यता लेंगे। सदस्यता लेने के बाद निशांत अपने पिता नीतीश कुमार की तरह ही अपनी सियासी यात्रा चंपारण से शुरू करेंगे। नीतीश कुमार ने भी अपनी सभी यात्राएं यही से शुरू की थी। आगामी दिनों में जदयू के सांगठनिक मोर्चे पर निशांत की बड़ी भूमिका होगी। लेकिन सरकार में वह डिप्टी सीएम होंगे या नहीं अबतक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सीएम की कोसी से सीमांचल तक की यात्रा तय
इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 से 13 मार्च तक कोसी-सीमांचल की यात्रा पर निकलने की तैयारी में है। सीएम 10 मार्च को सुपौल में समृद्धि यात्रा पहुंचेंगे। इसके बाद मधेपुरा, किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया में कार्यक्रम करेंगे। इसके बाद सहरसा और खगड़िया में कार्यक्रम का प्लान बना है। सीएम पद छोड़ने के ऐलान के बाद इस यात्रा पर भी हर किसी की नजर टिकी हुई है।
सम्राट चौधरी मिलेंगे अमित शाह से
जानकारी के मुताबिक, आज डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। गृह मंत्री आज थोड़ी देर के लिए पश्चिम बंगाल जाने के क्रम में बागडोगरा एयरपोर्ट पर ठहरेंगे। वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की उनसे मुलाकात होगी। बिहार में नई सरकार बनने की संभावना और राज्यसभा चुनाव को लेकर यह मुलाकात काफी है हम मानी जा रही है।