राष्ट्रपति के अपमान को लेकर पीएम मोदी का ममता सरकार पर हमला! कहा- हर अहंकारी का अंहकार नष्ट हो जाता है

पीएम ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान को लेकर ममता सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि अहंकारी व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए उसका अहंकार नष्ट हो जाता है।

Update: 2026-03-08 09:51 GMT


नई दिल्ली। अंतरर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान पीएम ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान को लेकर ममता सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि अहंकारी व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए उसका अहंकार नष्ट हो जाता है। एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान करने वाली पार्टी का अपमान चूर-चूर होना तय है। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।

पीएम मोदी ने लगाया आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू संथाल समुदाय के एक बड़े उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं। लेकिन राष्ट्रपति को सम्मान देने के बजाय, TMC ने इस पवित्र और महत्वपूर्ण कार्यक्रम का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि यह न केवल राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि भारत के संविधान और लोकतंत्र की महान परंपरा का भी अपमान है। बता दें कि पीएम मोदी ने पहले भी कहा था कि यह घटना 'शर्मनाक और अभूतपूर्व' है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने वास्तव में सभी सीमाएं पार कर दी हैं।

राष्ट्रपति के स्वागत में कमी थी

राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार दोपहर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, लेकिन वहां केवल कुछ ही लोग उपस्थित थे। उनके स्वागत के लिए सिर्फ सिलीगुड़ी के महापौर गौतम देब ही हवाई अड्डे पर मौजूद थे। राष्ट्रपति ने कहा कि ममता बनर्जी मेरी छोटी बहन की तरह हैं। मैं भी बंगाल की बेटी हूं। मुझे नहीं पता कि वह नाराज हैं या नहीं, खैर यह महत्वपूर्ण नहीं है। आप सभी का भला हो।

आदिवासी कार्यक्रम की जगह बदलने पर सवाल

राष्ट्रपति ने आदिवासी कार्यक्रम के स्थल बदलने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर कार्यक्रम बिधाननगर में होता तो बेहतर होता, वहां ज्यादा लोग आ सकते थे। उन्होंने यह भी कहा कि शायद राज्य सरकार आदिवासियों के कल्याण के प्रति उदासीन थी, इसलिए उन्हें इस स्थान तक आने से रोका गया।

Tags:    

Similar News