फाल्गुनी मेले के चौथे दिन हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा जयकारों से गूंजी खाटू नगरी, इतने लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। मेले को 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें
सीकर। जयपुर के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुनी मेला का आयोजन किया गया है, जिसका आज चौथा दिन है। आज यानी मंगलवार को चौथे दिन में भक्तों ने बाबा श्याम की श्रद्धा और उत्साह के साथ दर्शन व पूजन किया। हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयकारों से खाटू श्याम नगरी गुंजने लगी। आज बाबा श्याम का विशेष और भव्य शृंगार किया गया है। देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं।
भक्तों ने रींगस से खाटू तक पैदल यात्रा की
जानकारी के अनुसार, अब तक 5 लाख से अधिक भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की आस्था इतनी बड़ी है कि कई भक्त रींगस से खाटू तक पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंच रहे हैं। रास्तेभर भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
श्रद्धालुओं की भीड़ में इजाफा
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खाटू नगरी के चारों ओर केसरिया ध्वज लहरा रहे हैं। बाबा के दर्शन के लिए भक्तों लंबी कतारें लगी हैं। आज बाबा श्याम का विशेष शृंगार देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा।
मंदिर परिसर को सजाया गया
मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जिससे मेले का वातावरण और भी भक्तिमय हो गया है।
6500 पुलिस अधिकारी और जवान किए गए तैनात
जिला प्रशासन और श्याम मंदिर कमेटी की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर लगभग 6500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। मेले को 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें।
प्रशासन ने दी जानकारी
प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे मेले में आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।