पाकिस्तान में स्मार्ट लॉकडाउन लगाने का फैसला! इतने दिन दुकानें होंगी बंद, शादियों पर भी लगेगा प्रतिबंध...
पाकिस्तान में अस्पताल, दवा की दुकानें और अन्य जरूरी सरकारी सेवाएं खुली रहेंगी। सरकार ने यह कदम तेल की कमी से निपटने और देश में जरूरी संसाधनों को बचाने के लिए उठाए हैं।
नई दिल्ली। ईरानी जंग के बाद से पूरी दुनिया में तेल का संकट पैदा हो गया है। इस संकट की वजह से पाकिस्तान भी परेशान है। इस कड़ी में पाकिस्तान सरकार ने दो दिन का स्मार्ट लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। दरअसल लॉकडाउन से जुड़ा प्रस्ताव सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री के निर्देश पर अब हर हफ्ते शनिवार और रविवार को पूरे देश में पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। यह नियम 4 और 5 अप्रैल 2026 से लागू होगा। लॉकडाउन हर शनिवार रात 12:01 बजे से शुरू होकर रविवार रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान सभी दुकानें, बाजार, फैक्ट्रियां और अन्य कामकाज पूरी तरह बंद रहेंगे। सर्विस सेक्टर भी बंद रहेगा। इन दिनों में शादी अथवा समारोह भी सार्वजनिक जगहों पर करने पर प्रतिबंध होगा।
जरूरी सेवाएं नहीं होगीं प्रभावित
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान में अस्पताल, दवा की दुकानें और अन्य जरूरी सरकारी सेवाएं खुली रहेंगी। इसके अलावा एयरपोर्ट, बंदरगाह और रेलवे स्टेशन भी काम करते रहेंगे, ताकि जरूरी यात्रा और सेवाएं प्रभावित न हों। सरकार ने यह भी तय किया है कि लॉकडाउन के दौरान शहरों के बीच जाने वाली सड़कें, हाईवे और मोटरवे बंद रहेंगे और आम गाड़ियों की आवाजाही नहीं होगी। हालांकि, पब्लिक बसों को छूट दी गई है, ताकि लोगों की जरूरी यात्रा हो सके।
तेल की कमी से निपटने कि लिए उठाया कदम
इसके साथ ही प्रांतीय सरकारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दोपहिया और तिपहिया वाहनों का जल्दी रजिस्ट्रेशन करें। इससे सरकार जरूरतमंद लोगों को सीधे सब्सिडी दे सकेगी। सरकार के अनुसार, यह कदम तेल की कमी से निपटने और देश में जरूरी संसाधनों को बचाने के लिए उठाए गए हैं।