Paras Hospital Patna: बिहार पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, चंदन मिश्रा हत्याकांड के मामले में आरोपियों की पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी
जिन लोगों ने हथियार मुहैया कराया, उनलोगों की शिनाख्त की जा रही है;
पटना। पटना के पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी की गई है। बता दें कि बक्सर के कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या पटना के पारस अस्पताल में गोली मारकर कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीम ने पश्चिम बंगाल से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या को फिलहाल स्पष्ट नहीं किया गया है। बिहार पुलिस पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह के नेटवर्क की छानबीन करते हुए पश्चिम बंगाल पहुंची थी। बिहार पुलिस की टीम ने पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह से पूछताछ की है। लेकिन बिहार पुलिस ने आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की पुष्टिकरण नहीं की है।
बिहार पुलिस और STF ने मिलकर आरोपियों को ट्रैक किया
बिहार पुलिस और STF ने पश्चिम बंगाल में हत्याकांड से जुड़े हुए कई आरोपियों को ट्रैक किया है। ट्रैकिंग के हिसाब से शूटर तौसीफ बादशाह का पश्चिम बंगाल भागने की आशंका जताई जा रही है। हत्या को अंजाम देने के बाद तौसीफ बादशाह अपने परिजनों के साथ पटना से गयाजी निकल गया। इसके बाद गयाजी में परिजनों को छोड़कर खुद पश्चिम बंगाल निकल गया था। पुलिस को ये जानकारी तौसीफ के परिजनों से मिली है।
एडीजी कुंदन कृष्णन ने कहा
एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन ने शुक्रवार को इस मामले में कहा कि चंदन की हत्या शेरू सिंह के गुंडों के द्वारा की गई है। ADG कुंदन कृष्णन ने कहा कि साल 2011 में बक्सर में चंदन-शेरू गैंग आतंक की दुनिया का बादशाह था। राजेंद्र केशरी हत्याकांड में कोर्ट ने साल 2017 में इन्हें सजा सुनाई थी। शेरू सिंह का शुरू से क्रिमिनल रिकार्ड रहा है। एक बार वो जेल से भी भागा था, लेकिन फिर पकड़ लिया गया। शेरू ने आरा में भी तनिष्क ज्वेलर्स में लूटपाट की थी। एडीजी ने बताया पारस हॉस्पिटल में चंदन मिश्रा को मारने के लिए 5 शूटर्स आए थे। जिन लोगों ने हथियार मुहैया कराया, उनलोगों की भी पहचान की जा रही है। जल्द ही गाड़ी देने वाले की भी शिनाख्त होगी।
शेरू और चंदन मिलकर करते थे अपराध
शेरू और चंदन दोनों मिलकर पहले अपराध करते थे, लेकिन कुछ साल पहले दोनों के बीच एक हत्या के मामले को लेकर दुश्मनी हो गई थी। बक्सर के कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की पटना के पारस अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हथियारबंद पांच शूटर अस्पताल के अंदर दाखिल हुए थे और चंदन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात से पूरे पटना में सनसनी फैल गई है।