यात्रीगण ध्यान दें...पांच घंटे टिकट सेवाएं होने वाली हैं प्रभावित, 26-27 मार्च की रात PRS सिस्टम नहीं करेगा काम
भारतीय रेलवे के दिल्ली स्थित पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) में तकनीकी सुधार और अपग्रेडेशन के वजह से कई महत्वपूर्ण सेवाएं बंद रहेगी।
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र में पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम सेवाओं को बंद करने का निर्णय लिया है। भारतीय रेलवे के दिल्ली स्थित पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) में तकनीकी सुधार और अपग्रेडेशन के चलते 26 और 27 मार्च 2026 की रात टिकट सेवाओं में अस्थायी रुकावट आएगी। इस बीच कई महत्वपूर्ण सेवाएं बंद रहेगी।
ये सभी सेवाएं रहेगीं प्रभावित
इस अवधि के दौरान ऑनलाइन (IRCTC वेबसाइट और ऐप) और ऑफलाइन (रेलवे काउंटर) दोनों माध्यमों की सेवाएं बंद रहेगी। दिल्ली पोर्टल पर पीआरएस आवेदन की कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित होंगी। इनमें पीएनआर पूछताछ की सुविधा शामिल नहीं होगी। यात्री वर्तमान आरक्षण भी नहीं कर पाएंगे। टिकट की बुकिंग, कैंसिलेशन और PNR इन्क्वायरी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। चार्टिंग और ईडीआर जैसी सुविधाएं भी बंद रहेंगी। काउंटरों पर पीआरएस रिपोर्ट प्राप्त करना भी संभव नहीं होगा।
इस समय तक रहेगा शटडाउन
यह शटडाउन रात के समय लगभग 5 घंटे तक रहने की संभावना है। हालांकि, सामान्यतया यह आधी रात से सुबह 5 बजे के बीच होता है। दिल्ली पीआरएस डेटा सेंटर में इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड और सिस्टम स्थिरता बढ़ाने के लिए यह रखरखाव अनिवार्य है।
यात्रियों से की गई अपील
यदि आपको कोई जरूरी टिकट बुक या कैंसिल करना है, तो इस निर्धारित समय से पहले ही कर लें। पूछताछ के लिए उपयोग होने वाला रेलवे नंबर 139 भी इस अपग्रेड अवधि के दौरान अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रह सकता है।