पीएम मोदी ने हिंदी दिवस पर दी शुभकामनाएं कहा- विश्व स्तर पर हिंदी का बढ़ता सम्मान गर्व की बात
मंत्री जेपी नड्डा ने कहा निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल;
नई दिल्ली । आज 14 सितंबर हिंदी दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं हैं । उन्होंने कहा कि हिंदी भारत ही नहीं पूरे विश्व में सम्मान का विषय है। उन्होंने इस बात को भी रखा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं है। यह भारतीय संस्कृति और संस्कार की पहचान है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से कहा कि वे हिंदी के साथ ही भारत के क्षेत्रीय भाषाओं पर भी ध्यान दें, जिससे हमारी सभी भाषा भविष्य में कमजोर ना पड़े।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी हिंदी दिवस की बधाई
हिंदी दिवस 14 सितंबर को मनाया जाता है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा कि आप सभी को हिंदी दिवस की अनंत शुभकामनाएं। हिंदी भारत की मुख्य भाषाओं में से एक है। आज का ऐतिहासिक महत्व इसलिए है, क्योंकि 1949 में संविधान सभा ने संविधान के प्रारूपण के दौरान आधिकारिक भाषा के ढांचे पर सहमति प्राप्त की थी।
भारतीय भाषाओं को समृद्ध बनाएं
हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान के साथ संस्कारों की धरोहर भी है।
उन्होंने देशवासियों से क्षेत्रीय भाषाओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का आग्रह किया है। आइए हम सब मिलकर हिंदी के साथ सभी भारतीय भाषाओं को समृद्ध बनाने के लिए संकल्प लें।
मंत्री जेपी नड्डा ने भी दीं शुभकामनाएं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी हिंदी दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल। सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने आगे कहा कि हिंदी मात्र भाषा नहीं, अपितु भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। भारतीय संस्कारों, जीवन मूल्यों व आदर्शों की प्रबल संवाहक है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश को एकता के सूत्र में बाँधने में हिंदी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।