नेशनल हाइवे पर उतरा पीएम मोदी का विमान, इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन, IAF दिखा रही है अपना पराक्रम
डिब्रूगढ़। पीएम नरेंद्र मोदी ने असम के डिब्रूगढ़ में मोरन बाईपास पर बनी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर उतरकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। यह उत्तर-पूर्वी भारत में अपनी तरह की पहली हाईवे हवाई पट्टी है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग आपातकालीन रनवे के रूप में करती है।
ऐतिहासिक लैंडिंग
प्रधानमंत्री भारतीय वायु सेना के C-130J सुपर हरक्यूलिस मालवाहक विमान से इस हाईवे पर उतरे। लगभग 4.2 किलोमीटर लंबी यह पट्टी 40 टन तक के लड़ाकू विमानों (जैसे सुखोई, राफेल) और 74 टन तक के मालवाहक विमानों की लैंडिंग संभालने में सक्षम है। लैंडिंग के बाद, पीएम ने सुखोई, राफेल और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों का शानदार एरियल डिस्प्ले देखा।
परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
यह सुविधा न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित बचाव कार्यों (HADR) में भी सहायक होगी। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी के लचित घाट से कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।