पुलवामा हमला! आतंकियों की सबसे बड़ी चोट, भारत ने 12 दिन में ले लिया सपूतों की शहादत का बदला

Update: 2026-02-14 04:49 GMT

नई दिल्ली। पुलवामा हमला भारत के इतिहास की सबसे दुखद और भीषण आतंकी घटनाओं में से एक है। हर साल 14 फरवरी को भारत में "ब्लैक डे" के रूप में मनाया जाता है और देश अपने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

घटना का विवरण

 यह हमला 14 फरवरी 2019 को दोपहर लगभग 3:15 बजे हुआ था। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलवामा जिले के लेथपोरा (अवंतपोरा के पास) में यह हमला हुआ। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 78 वाहनों का एक काफिला, जिसमें लगभग 2,500 जवान थे, जम्मू से श्रीनगर जा रहा था। एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार को काफिले की एक बस से टकरा दिया। इस हमले में 40 CRPF जवान शहीद हुए और कई अन्य घायल हुए। वहीं, जवानों के पार्थिव शरीर को वायुसेना के विशेष विमान द्वारा पालम वायुसेना इलाके में लाया गया था, जहां तत्कालीन गृह मंत्री और वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े मंत्री मौजूद थे। शहीदों के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

जिम्मेदार और जांच

पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। आत्मघाती हमलावर की पहचान आदिल अहमद डार के रूप में हुई, जो पुलवामा का ही रहने वाला था।  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस मामले की जांच की और 13,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें पाकिस्तान की संलिप्तता के सबूत दिए गए। हालिया FATF (Financial Action Task Force) की रिपोर्ट ने भी हमले की फंडिंग में पाकिस्तान के बैंकिंग सिस्टम और NGO के इस्तेमाल का खुलासा किया है।

भारत की जवाबी कार्रवाई

 26 फरवरी, 2019 को रात के तकरीबन तीन बजे भारतीय वायुसेना के 12 मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) को पार करके बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को धवस्त कर दिया था। सूत्रों के अनुसार, इस हमले में पाकिस्तान द्वारा पोषित 300 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया। एयरस्ट्राइक में तकरीबन हजार किलो बम आतंकी ठिकानों पर बरसाए गए थे। पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से बदला लेने का प्लान बनाने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनएसए अजित डोभाल को दी थी। उनके अलावा, तत्कालीन वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने भी एयरस्ट्राइक में अहम भूमिका निभाई थी।



Tags:    

Similar News