कोलकाता गैंगरेप में खुलासा! जन्मदिन पार्टी के बहाने फ्लैट में बुलाकर दिया था घटना को अंजाम, फरार होने के फिराक में था आरोपी
कोलकाता। कुछ दिनों पहले कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। जिसके बाद अब दो मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को भागने की कोशिश करते समय बर्धमान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जन्मदिन की पार्टी में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
क्या है पूरा मामला
कोलकाता के रीजेंट पार्क इलाके में 20 साल की लड़की का उसके जन्मदिन पर दो युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना 5 सितंबर की है। पीड़ित हरिदेवपुर की रहने वाली है। उसकी दोनों आरोपियों चंदन और दीप से पहचान थी। चंदन लड़की को उसका बर्थडे मनाने के लिए दीप के घर ले गया। वहां उन्होंने खाना खाया। जब पीड़ित ने कहा कि वह घर लौटना चाहती है, तो आरोपियों ने उसे रोक लिया। फिर दरवाजा बंद करके रेप किया।
दूसरा आरोपी अभी भी है फरार
पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा, 'हरिदेवपुर घटना के एक मुख्य आरोपी को बर्धमान स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरा फरार है। हम उसकी तलाश कर रहे हैं।' शुरुआती जांच से पता चला है कि पीड़िता की गिरफ्तार आरोपी से एक साझा दोस्त के जरिए जान-पहचान हुई थी।
रीजेंट पार्क इलाके के एक फ्लैट में किया था सामूहिक दुष्कर्म
अधिकारी ने बताया, 'इस व्यक्ति ने खुद को दक्षिण कोलकाता की एक प्रमुख दुर्गा पूजा समिति का प्रमुख सदस्य बताया था। 5 सितंबर को उसके जन्मदिन पर दोनों कथित तौर पर उसे रीजेंट पार्क इलाके के एक फ्लैट में जश्न मनाने के लिए ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।'
दूसरे राज्यों में भागने की बना रहा था योजना
एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, 'हम गिरफ्तार व्यक्ति को कोलकाता ला रहे हैं। ऐसा लगता है कि वह बर्धमान स्टेशन से दूसरे राज्यों में ट्रेन से भागने की योजना बना रहा था। हम दूसरे आरोपियों का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रहे हैं।'