जज्बे को सलाम: 79 की उम्र में कैंसर से लड़ते हुए शुरू की फिर से पढ़ाई, दुनिया को दिया यह संदेश!
ऊषा राय टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अनुभवहीन थी, इसके बावजूद, उन्होंने MBA in Healthcare Management में दाखिला लिया
नई दिल्ली। जिस उम्र में अधिकांश लोग आराम करने की इच्छा करते हैं। अपनी जिंदगी की रफ्तार धीमी करना चाहते हैं। उस उम्र में ऊषा राय नाम की महिला ने अपने जीवन को गति देकर नई दिशा दी। इतना ही नहीं जांबाज महिला ने दो बार स्टेज-फोर कैंसर को मात दे दी। उन्होंने अपनी जिंदगी के साथ ही पढ़ाई के क्षेत्र में भी शानदार वापसी की है।
जांबाज ऊषा राय के विचार
दरअसल ऊषा राय का कहना है कि मेरा दूसरा जन्म अप्रैल 2023 में हुआ, जब अचानक मैंने सोचा कि मैं MBA करूंगी और करीब 45 साल बाद फिर से मैंने पढ़ाई शुरू की है।
टेक्नोलॉजी के क्षेत्र से थीं अनभिज्ञ
ऊषा राय टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अनुभवहीन थी, इसके बावजूद, उन्होंने MBA in Healthcare Management में दाखिला लिया। उन्हें पहले लैपटॉप चलाना भी नहीं आता था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि मुझे लैपटॉप चलाना नहीं आता था, फिर भी मैंने लैपटॉप खरीदा लिया, इससे रोजाना अभ्यास किया, आज भी सीख रही हूं, क्लास छोड़ने का मन कभी किया ही नहीं।
रिटायरमेंट से पहले थीं शिक्षिका के पद पर
जानकारी के मुताबिक, रिटायरमेंट के पहले ऊषा शिक्षिका के पद पर थीं, उन्होंने ने Zoology और Education में डिग्रियां हासिल की हैं। उनकी राह बेहद कठिन थी, उन्होंने 2003 और 2022 में दो बार कैंसर से लड़ाई लड़ी। लेकिन हर बार वो और मजबूत बनी रहीं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती है।
उषा का दुनिया को संदेश
उषा दुनिया को यही संदेश देती हैं कि यदि मैं 79 की उम्र में कर सकती हूं, तो आप क्यों नहीं? मैं 79 की उम्र में क्लास अटेंड करती हूं, नोट्स बनाकर और एग्जाम देने जाती हूं, तो आपलोग भी ऐसा कर सकते हैं।