पूरे देश में अगले हफ्ते से शुरू हो सकती है SIR प्रक्रिया, पहले फेज में ये राज्य शामिल

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस अभियान की शुरुआत 10 से 15 राज्यों से होगी, जिनमें वे राज्य भी शामिल होंगे जहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-10-25 21:30 GMT

निर्वाचन आयोग अगले हफ्ते मतदाता सूची के अखिल भारतीय विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के पहले चरण की शुरुआत कर सकता है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस अभियान की शुरुआत 10 से 15 राज्यों से होगी, जिनमें वे राज्य भी शामिल होंगे जहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं।

अधिकारियों के अनुसार असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में 2026 में चुनाव होने हैं, इसलिए ये सभी राज्य पहले चरण में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए शामिल किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया कि ऐसे राज्यों में जहां स्थानीय निकाय चुनाव चल रहे हैं या होने वाले हैं, वहां एसआईआर अभियान नहीं किया जाएगा क्योंकि चुनावी मशीनरी इसमें व्यस्त रहती है। ऐसे राज्यों में SIR बाद के चरणों में आयोजित किया जाएगा।

बिहार में मतदाता सूची का शुद्धिकरण पहले ही पूरा हो चुका है। राज्य में लगभग 7.42 करोड़ नामों वाली अंतिम सूची 30 सितंबर को प्रकाशित की गई थी। बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को आयोजित की जाएगी। आयोग ने SIR प्रक्रिया को लागू करने की रूपरेखा तय करने के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) के साथ पहले ही दो बैठकें कर ली हैं।

कई राज्यों के CEO ने अपने पिछले SIR के बाद प्रकाशित मतदाता सूचियों को अपनी वेबसाइट पर पहले ही अपलोड कर दिया है। उदाहरण के लिए, दिल्ली में अंतिम गहन पुनरीक्षण 2008 में हुआ था और वह सूची अभी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। उत्तराखंड में अंतिम SIR 2006 में हुआ था। अधिकांश राज्यों में अंतिम SIR 2002 और 2004 के बीच का है।

SIR का मुख्य उद्देश्य जन्म स्थान की पड़ताल के जरिए विदेशी और अवैध प्रवासियों को छांटना है। इस कदम को बांग्लादेश, म्यांमा और अन्य देशों से अवैध प्रवासियों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Similar News