आतंकवादियों ने कश्मीर के उरी सेक्टर में घुसने की कोशिश की, भारतीय सेना ने मुठभेड़ कर एक को मार गिराया

पाकिस्तानी आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ

Update: 2026-03-15 05:10 GMT

जम्मू। आतंकवादियों ने कश्मीर के उरी सेक्टर में घुसने की कोशिश की। भारतीय सेना ने मुठभेड़ कर एक आतंकवादी को मार गिराया है। आतंकवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में चोरी छुपे जम्मू कश्मीर में घुस रहे थे। सेना के जवानों को मारे गए पाकिस्तानी आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिले हैं। सेना के जवान अब सर्च अभियान चला कर और आतंकवादियों की तलाश कर रहे हैं।

घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम

जम्मू और कश्मीर के उरी सेक्टर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। नियंत्रण रेखा के पास बुछार इलाके में हुई एक संयुक्त कार्रवाई में सेना के जवानों ने एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया। सेना के अनुसार, यह आतंकवादी घुसपैठ कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने की फिराक में था। जवानों और जम्मू-कश्मीर पुलिस को बुछार, उरी सेक्टर में घुसपैठ के प्रयास के संबंध में एक विशिष्ट खुफिया इनपुट प्राप्त हुआ था। इनपुट मिलने के बाद टीम ने आतंकवादियों की इस कोशिश को नाकाम करने के लिए संयुक्त प्लान बनाया था।

 रात को एक संयुक्त अभियान शुरू किया

आतंकियों के घुसपैठ करने की सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना और पुलिस ने 14-15 मार्च की दरमियानी रात को एक संयुक्त अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान घने जंगल में सैनिकों ने एक आतंकवादी की संदिग्ध गतिविधि देखी। सतर्क जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर आतंकी को चुनौती दी। इसके जवाब में आतंकवादी ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकी को ढेर कर दिया।

ऑपरेशन अभी भी जारी

सेना ने बताया है कि यह ऑपरेशन अभी भी जारी है। सुरक्षा बल इलाके में किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका के चलते तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस मुठभेड़ के दौरान मारे गए पाकिस्तानी आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। बरामदगी में एक एके राइफल, पिस्तौल और कारतूस शामिल हैं। यह बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि आतंकवादी बड़े हमले की योजना बना रहा था।

Tags:    

Similar News