टी20 विश्व कप में भारतीय बल्लेबाजों का फार्म बना चिंता का विषय! कप्तान सूर्या ने अभिषेक और तिलक पर कहीं ये बात, गेंदबाजों पर जताया गर्व
नई दिल्ली। टी20 विश्व कप ग्रुप मैच के बाद अब सुपर-8 दौर जारी हो गया है। वहीं भारतीय टीम का अबतक इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। अब उसकी नजर साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला सुपर-8 का मुकाबला जीतने पर होगी। रविवार को दोनों टीमों का सामना अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के फॉर्म पर खुलकर चर्चा की।
गेंदबाजों पर जताया भरोसा
बता दें कि दौरान कप्तान ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मुझे अपने गेंदबाजों पर गर्व है। इसलिए, अगर हम 170 से 180 के गेम में फंस जाते हैं, तो मुझे अपने गेंदबाजों पर भरोसा है कि वे हमें जिता देंगे। एक समय था जब मुझे कभी यकीन नहीं होता था कि हम 230 से 240 रन बना पाएंगे। इस दौरान कप्तान ने कहा कि हम ऐसी टीम नहीं बनना चाहते जो सिर्फ अटैक करे। हमें 7 से 15 (ओवर) के बीच स्मार्ट भी रहना होगा।
अभिषेक पर क्या बोले कप्तान?
टीम इंडिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार तीन मैचों में खाता खोले बिना आउट हुए हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में वह एक भी रन नहीं बना सके। ऐसे में सुपर-8 से पहले उनके फॉर्म को लेकर जब कप्तान सूर्यकुमार यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जो लोग अभिषेक के फॉर्म को लेकर परेशान हैं, मैं भी उनके लिए परेशान हूं। पिछले साल अभिषेक ने हमारे लिए कवर किया था, और इस टूर्नामेंट में हम अभिषेक को कवर करेंगे।
तिलक पर भी की चर्चा
ग्रुप चरण के चार मैचों में 106 रन बना चुके तिलक वर्मा भी अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। उनके फॉर्म पर बात करते हुए सूर्यकुमार बोले कि तिलक को एक खास तरीके से बैटिंग करने के लिए कहा गया है। अगर एक विकेट गिरता है, तो वह एक खास तरीके से बैटिंग कर सकता है, अपने शॉट्स खेल सकता है। लेकिन अगर दो विकेट गिरते हैं, तो उसे थोड़ा समय लेना होगा। तिलक के फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है।