मार्च में आसमान से उगलने लगी है आग! दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में तापमान चढ़ा, देश के इस हिस्सो में हीट वेव का अलर्ट
नई दिल्ली। मार्च के पहले हफ्ते में ही आसमान से आग बरसने लगी है। दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर चढ़ा हुआ है। राजधानी में कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा ऊपर दर्ज हुआ, जो मार्च के लिए काफी असामान्य है।
गुजरात के कुछ हिस्सों में भी लू चली
देश में सबसे ज्यादा गर्मी पश्चिमी इलाकों में है। सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव तक की स्थिति बनी हुई है। गुजरात के कुछ हिस्सों में भी लू चल रही है। राजकोट और सुरेंद्रनगर में आज सबसे ज्यादा तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, ये इस सीजन का सबसे ऊंचा पारा है।
तापमान कितना ऊपर?
दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, गुजरात में कई जगहों पर सामान्य से 5.1 डिग्री या ज्यादा ऊपर। मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी यही हाल। विदर्भ, तटीय कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा में 3.1 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी। ओडिशा, झारखंड, मराठवाड़ा, कोंकण-गोवा में 1.6 से 3 डिग्री तक ऊपर।
कहां कितना तापमान?
पश्चिम राजस्थान, विदर्भ, सौराष्ट्र-कच्छ में कई जगहों पर 38-41 डिग्री तक तापमान। मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात में कुछ पॉकेट्स में 38-41 डिग्री। दिल्ली, मध्य महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, हरियाणा, चंडीगढ़ और दक्षिण कर्नाटक के कुछ इलाकों में 35-38 डिग्री। तटीय कर्नाटक, ओडिशा, कोंकण-गोवा में भी कई जगहों पर 35-38 डिग्री के आसपास।