Delhi-NCR में बदला मौसम का मिजाज! कई इलाकों में हो रही है बारिश, एक बार फिर बढ़ेगा ठिठुरन का एहसास, IMD ने जारी किया यह अलर्ट

Update: 2026-01-27 05:44 GMT

नई दिल्ली। Delhi-NCR में आज एक बार फिर से मौसम बदल गया है। एनसीआर के कई शहरों में आज सुबह बारिश हुई। अभी भी कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं हरियाणा के नारनौल में वर्षा के साथ ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे कड़ाके की ठंड फिर लौट आई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर से दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल रहा है। तेज हवाओं के साथ जल्द ही वर्षा शुरू हो गई है। वर्षा का यह दौर दिन भर जारी रहने की संभावना है।

ठिठुरन का एहसास भी एक बार फिर बढ़ेगा

हालांकि, न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई है। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो मौसम में आए बदलाव से कल फिर तापमान कम हो जाएगा। ठिठुरन का एहसास भी एक बार फिर बढ़ेगा। आज सुबह से दिल्ली समेत एनसीआर में हवाओं के साथ वर्षा हो रही है। इससे ठंड भी बढ़ने लगी है। वहीं तामपान में भी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

दिनभर बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिनभर बादल छाए रहेंगे और वर्षा का दौर जारी रह सकता है। ज्यादा धूप निकलने की उम्मीद कम ही है। दूसरी ओर दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में चल रही है। आज सीपीसीबी ने 294 एक्यूआई दर्ज किया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। संभावना है कि अभी अगले कई दिन दिल्ली का एक्यूआई 'मध्यम' से 'खराब' श्रेणी में ही बरकरार रहेगा।

Tags:    

Similar News