देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय फिर से बदलेगा मौसम, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ेगी

तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी कहीं-कहीं बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अनुमान है।

Update: 2026-02-20 04:42 GMT

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय फिर से मौसम बदल सकता है। पहाड़ी इलाकों में बारिश होने से ठंड बढ़ेगी। कुछ इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट और दक्षिण भारत, अंडमान-निकोबार में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत, अंडमान-निकोबार और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में कम दबाव के असर से बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।

एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का कई इलाकों पर असर दिखा रहा

 एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर राजस्थान और उसके आसपास पंजाब व हरियाणा के इलाकों पर असर दिखा रहा है। यह प्रणाली जमीन से लगभग 3 से 7 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है, जिसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती प्रसार अब उत्तर-पूर्व राजस्थान के आसपास पहुंच गया है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 

कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना

इसी प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है और आगे भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। एक ट्रफ रेखा उत्तर कोंकण से गुजरात और पूर्वी राजस्थान होते हुए उत्तर-पूर्व राजस्थान तक फैली हुई है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में वातावरण अस्थिर बना हुआ है। भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए श्रीलंका की ओर जा सकता है। इसके असर से दक्षिण भारत और द्वीपीय इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Tags:    

Similar News