रणथंभौर में ‘खूनी बुखार’ से बाघिन- 94 की हुई मौत, हार्ट-किडनी हो गए थे फेल, जानें क्या है यह बुखार
शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बाघिन के लंग्स, किडनी, हार्ट फेल हो चुके थे। इसके साथ ही आर्गन केवेटी में फ्लूड भी मिला है।
जयपुर। देश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व रणथंभौर नेशनल पार्क से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां खंडार रेंज में विचरण करने वाली बाघिन टी 94 की मौत हो गई। जब वनकर्मियों की नजर बाघिन पर पड़ी, तो सीनियर अधिकारियों को सूचना दी गई। जानकारी के मुताबिक, बाघिन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके रिपोर्ट में पाया गया कि बाघिन की मौत हार्ट फेल होने से हुई। बाघिन की मौत को लेकर रणथंभौर वन प्रशासन सहित वन्यजीव प्रेमियों में शोक की लहर है।
बाघिन के लंग्स, किडनी, हार्ट फेल हो चुके थे
दरअसल बाघिन के लंग्स और किडनी फेल हो चुके थे। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बाघिन की मौत खूनी बुखार से हुई है। शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बाघिन के लंग्स, किडनी, हार्ट फेल हो चुके थे। इसके साथ ही आर्गन केवेटी में फ्लूड भी मिला है।
बाघिन टी-94 की मौत
वहीं डीएफओ जानकारी दी कि प्राथमिक तौर पर मौत के कारण सेप्टिसीमिया को माना गया है, जिसे जानवरों में खूनी बुखार भी कहा जाता है। इसके अलावा सैंपल वेटरनरी लैब भेजे जाएंगे, जिसके बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। बाघिन टी-94 करीब 11 साल की थी।
गौरतलब है कि बाघिन के सभी अंग सुरक्षित थे, जिससे ये साफ था कि उस पर किसी प्रकार का कोई हमला नहीं किया गया था, ना ही किसी शिकारी ने उसे शिकार बनाने की कोशिश की। सूचना पर खंडार रेंजर शैलेश अग्रवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शव को नाका राजबाग लाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम करने के बाद बाघिन का अंतिम संस्कार किया गया।
सेप्टिसीमिया
डॉक्टर के मुताबिक, सेप्टिसीमिया आमतौर पर गंदा पानी अथवा भोजन करने और मौसम में अचानक आए बदलाव, कमजोर इम्युनिटी के कारण होता है। उन्होंने कहा कि सेप्टिसीमिया बीमारी पशुओं में खून के गंभीर संक्रमण को कहा जाता है। यह तब होता है, जब वैक्टीरिया खून में फैल जाते हैं और पूरे शरीर को संक्रमित कर देते हैं। पशुपालन में अक्सर इसे रक्त विषाक्तता अथवा खूनी बुखार भी कहा जाता है। इसमें तेज बुखार के साथ ही, सांस लेने में दिक्कत होने लगती है। जिससे हार्ट समेत शरीर के अंग कमजोर हो जाते हैं। सेप्टिसीमिया से संक्रामितों की अचानक मौत हो जाती है।