नेपाल बॉर्डर पर अवैध रूप से भारत में घुसते पकड़े गए दो ब्रिटिश डॉक्टर, पाकिस्तानी और भारतीय मूल से संबंध

बहराइच जिले के रूपईडीहा बॉर्डर पर शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो ब्रिटिश नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो बिना वैध वीजा के नेपाल के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-11-15 21:30 GMT

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर अपनी सतर्कता का परिचय दिया है। बहराइच जिले के रूपईडीहा बॉर्डर पर शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो ब्रिटिश नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो बिना वैध वीजा के नेपाल के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे।

बिना वीजा के कर रहे थे भारत में प्रवेश

गिरफ्तार किए गए लोगों में 35 वर्षीय डॉक्टर हसन अमान सलीम शामिल हैं, जो पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं, जबकि 61 वर्षीय महिला डॉक्टर सुमित्रा शकील ओलिविया भारतीय मूल की ब्रिटिश नागरिक हैं। सीमा पर बढ़ी सतर्कता के बीच शनिवार सुबह लगभग 10 बजे दोनों को रोका गया। जांच में पता चला कि दोनों के पास भारत में प्रवेश करने के लिए वैध वीजा नहीं था।

एसएसबी की 42वीं वाहिनी के सेनानायक गंगा सिंह उदावत ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान दोनों संदिग्ध रूप से नेपाल से भारत आते देखे गए। पहचान और दस्तावेजों की जांच में उनकी वीजा संबंधी खामियां सामने आईं।

नेपाल में अस्पताल के बुलावे पर आए थे

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों डॉक्टरों ने कहा कि वे नेपालगंज स्थित एक अस्पताल के निमंत्रण पर नेपाल पहुंचे थे। लेकिन भारत में प्रवेश को लेकर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों को रूपईडीहा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बहराइच के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामनयन सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 14ए के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया गया। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है कि ये दोनों भारत में किस उद्देश्य से प्रवेश कर रहे थे।

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बढ़ाई गई निगरानी

इधर सिद्धार्थनगर जिले में भी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसबी, मोहाना थाना पुलिस और नेपाल पुलिस ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त की। लालपुर-पकड़ी बॉर्डर पर किए गए इस ऑपरेशन का उद्देश्य तस्करी रोकना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना था।

मोहाना थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में स्थानीय लोगों से भी अपील की गई कि सीमा के आसपास यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

नेपाल बॉर्डर पर लगातार बढ़ती सुरक्षा व्यवस्था ने एक बार फिर साबित किया है कि भारत अवैध घुसपैठ और तस्करी को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

Tags:    

Similar News