अहंकार सिर पर चढ़ जाता है तब...लालू परिवार में कलह के बीच रोहिणी आचार्य ने इस पोस्ट से बढ़ाई सियासी हलचल
नई दिल्ली। लालू परिवार में पिछले काफी समय से कलह की खबर सामने आ रही है। वहीं आरजेडी की सियासत में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान और फैसलों को लेकर उठते सवालों के बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य का एक और पोस्ट सामने आया है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने बयान में ‘विरासत’, ‘पहचान’, ‘वजूद’ और ‘अपनों की साजिश’ को लेकर लिखा है।
विरासत और अपनों पर सवाल
रोहिणी आचार्य ने पोस्ट में लिखा कि बड़ी शिद्दत से बनायी और खड़ी की गयी "बड़ी विरासत" को तहस-नहस करने के लिए परायों की जरूरत नहीं होती, 'अपने' और अपनों के चंद षड्यंत्रकारी 'नए बने अपने' ही काफी होते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि हैरानी तो तब होती है, जब जिसकी वजह से पहचान होती है, जिसकी वजह से वजूद होता है, उस पहचान, उस वजूद के निशान को बहकावे में आ कर मिटाने और हटाने पर अपने ही आमादा हो जाते हैं। यह बात साफ तौर पर यह संदेश देती है कि जिन मूल विचारों और संघर्षों से पार्टी खड़ी हुई, उन्हीं को भुलाने की कोशिश हो रही ।
विवेक और अहंकार की चेतावनी
हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि जब विवेक पर पर्दा पड़ जाता है, अहंकार सिर पर चढ़ जाता है तब विनाशक ही आंख-नाक और कान बन बुद्धि-विवेक हर लेता है। रोहिणी आचार्य की इस पोस्ट के बाद आरजेडी की अंदरूनी राजनीति पर फिर से सवाल उठने लगे हैं। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन संकेतों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। उनके बयान को सियासी गलियारों में इसे बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं उनके इस बयान से बिहार के सियासत में नया भूचाल आ सकता है।