यूपी के हापुड़ में एक साथ 517 शादियां हो गई कैंसिल, जानें क्या है पूरा मामला
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना' के तहत आज होने वाली 517 शादियां प्रशासन द्वारा मौके पर ही निरस्त कर दी गईं। इसके लिए रामलीला मैदान में पंडाल लगाकर तैयारी की जा रही थी। आयोजन का ठेका मेरठ की एक फर्म को दिया गया था। बता दें कि इन शादियों के कैंसिल होने की बड़ी वजह खराब व्यवस्था थी।
घटिया व्यवस्था
जिलाधिकारी (DM) अभिषेक पांडेय ने निरीक्षण के दौरान पाया कि 75 लाख रुपये के टेंडर वाले इस आयोजन में केवल 20 हजार रुपये ही खर्च किए जा रहे थे। पंडाल में फटे हुए टेंट और गंदे कपड़ों का इस्तेमाल किया गया था। निरीक्षण में खाने की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने कार्यक्रम को तत्काल रोकने का आदेश दिया। इस पर जिलाधिकारी नाराज हो गए और उन्होंने ठेकेदार के साथ ही जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवकुमार की जमकर क्लास लगाई।
दूसरी कंपनी को ठेका दिया जाएगा
अब इसके लिए किसी दूसरी कंपनी को ठेका दिया जाएगा उसके बाद ही आयोजन की नई तिथि जारी की जाएगी। जिले में सामूहिक विवाह योजना में पहले भी बड़ी घपलेबाजी हो चुकी है। हापुड़ में विधवाओं अविवाहित कन्याओं और शादीशुदा जोड़ों को भी विवाह का अनुदान जारी कर दिया गया था। जिसकी जांच अभी तक चल रही है। डीएम की कड़ी कार्रवाई से अधिकारियों और ठेकेदारों में हड़कंप मचा है।
प्रशासनिक कार्रवाई
जिलाधिकारी ने मेरठ की संबंधित फर्म 'मुकुल वेडिंग्स' को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही की जांच के आदेश दिए गए हैं। भविष्य में इस फर्म को किसी भी सरकारी कार्य के लिए प्रतिबंधित करने हेतु निदेशालय को पत्र लिखा गया है।