होली पर इस बार श्रीबांकेबिहारी मंदिर का कर सकेंगे लाइव दर्शन, वृंदावन में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
वृंदावन। होली पर कृष्णनगरी का अलग ही नजारा देखने को मिलता है। वहीं होली से पहले प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। जो लोग श्रीबांकेबिहारी मंदिर जा कर दर्शन नहीं कर सकते हैं उनके लिए लाइव दर्शन की व्यवस्था की गई है। मंदिर के आसपास घूमने वाले श्रद्धालुओं को तिराहे, चौराहे और द्वारों पर भी ठाकुरजी के लाइव स्ट्रीमिंग तकनीक के जरिए ऑनलाइन दर्शन हो सकेंगे। इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने तैयारी शुरु कर दी है। होली पर आराध्य के दर्शन की नई व्यवस्था शुरू कराने के लिए प्रबंधन द्वारा मंदिर के आसपास एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।
ऑनलाइन दर्शन के लिए वेबसाइट की जा रही है तैयार
दरअसल, श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने श्रीबांकेबिहारी के लाइव स्ट्रीमिंग के दर्शन की नई व्यवस्था योजना बनाई। इसे लेकर लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित कमेटी के सभागार में कई कंपनियों द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया था। कमेटी ने नोएडा के कार्यदायी संस्था को इस कार्य की जिम्मेदारी दी है। कमेटी के सदस्य एवं मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा ठाकुरजी के ऑनलाइन दर्शन के लिए वेबसाइट तैयार की जा रही है।
ठाकुरजी के लाइव भी घर बैठे कर सकेंगे दर्शन
वहीं मंदिर के गेट संख्या एक, गेट संख्या पांच, ठाकुरजी के जगमोहन के ऊपर, गेट तीन की गली में, एक विद्यापीठ चौराहा, जादौन पार्किंग के समीप एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इससे मंदिर के आसपास भक्तों को ठाकुरजी के लाइव दर्शन हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि लाइव दर्शन की सभी तैयारी रंगभरनी एकादशी से एक दिन पहले 26 को पूरी हो जाएंगी। बता दें कि रंगभरनी एकादशी पर भक्त ठाकुरजी के लाइव भी घर बैठे कर सकेंगे। इससे पहले मंदिर में फोटो और वीडियो लेने पर रोक लगाने संबंधी बोर्ड हटा दिए गए हैं। इससे पहले मंदिर प्रबंधन ने ठाकुरजी के फोटो और वीडियो लेने पर रोक लगाने संबंधी बोर्ड मंदिर के अंदर चौक में जगह-जगह लगाए थे।
आपातकालीन सेवाओं को छूट
सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहन सभी प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात योजना का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें।
वृंदावन में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
दरअसल, रंगभरनी एकादशी पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में होली को लेकर पुलिस ने नगर में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 26 की रात 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। प्लान के अनुसार नगर की ओर आने वाले सभी कॉमर्शियल एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर को विभिन्न मार्गों पर प्रतिबंध और वैकल्पिक रूट व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
बता दें कि पुलिस चौकी क्षेत्र से एनएच-2 एवं परिक्रमा मार्ग की ओर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा और गोपाल रेस्टोरेंट व मसानी चौराहे से वृंदावन की ओर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकी जाएगी। छटीकरा एवं अन्य क्षेत्रों से यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले व्यावसायिक और भारी वाहन मथुरा ट्रांसपोर्ट चौराहा, गोकुल बैराज मोड़ और लक्ष्मीनगर तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं वृंदावन कट से एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले वाहनों को भी मथुरा की ओर निकाला जाएगा। छटीकरा से वृंदावन आने वाले भारी मालवाहक वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। कृष्णा विहार गोलचक्कर, पानीघाट तिराहा (यमुना पुल), सुनरख रोड तथा परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाले मार्गों पर भी भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।