PSL में बवाल! पाकिस्तानी खिलाड़ी फखर जमान ने बॉल-टैम्परिंग के आरोपों से किया इनकार, क्या लगेगा बैन?
नई दिल्ली। पाकिस्तान कुछ ना कुछ ऐसा कारनामा करता रहता है कि मजाक में बना रहता है। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सोमवार को पुष्टि की कि लाहौर कलंदर्स के बल्लेबाज फखर जमान पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2026) में कराची किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान बॉल टैम्परिंग के लिए लेवल 3 का आरोप लगाया गया है। हालांकि अब फखर जमान ने बॉल-टैम्परिंग के आरोपों से पूरी तरह इनकार किया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक यह घटना 29 मार्च 2026 को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच के अंतिम ओवर से ठीक पहले हुई। अंतिम ओवर शुरू होने से पहले फखर ज़मान, कप्तान शाहीन अफरीदी और गेंदबाज हारिस रऊफ आपस में चर्चा कर रहे थे, तभी अंपायर फैज़ल अफरीदी ने गेंद मंगवाई और उसकी जांच की। अंपायरों ने निष्कर्ष निकाला कि गेंद की स्थिति के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है। इसके परिणामस्वरूप कराची किंग्स को 5 पेनल्टी रन दिए गए और गेंद को बदल दिया गया
पीसीबी ने की पुष्टि
शाहीन इस फैसले से नाराज थे। आखिर में यह पेनल्टी मैच में निर्णायक साबित हुई, क्योंकि आखिरी ओवर में जीत के लिए जरूरी रन 14 से घटकर 9 रह गए। इसके बाद कराची ने तीन गेंदें शेष रहते ही मैच जीत लिया। पीसीबी ने अब पुष्टि की है कि मैच के बाद एक अनुशासनात्मक सुनवाई हुई, जिसमें यह निष्कर्ष निकला कि फखर ने वाकई गेंद के साथ छेड़छाड़ की थी। हालांकि, इस अनुभवी पाकिस्तानी बल्लेबाज ने सभी आरोपों से इनकार किया है। अब अगले 48 घंटों के भीतर एक और सुनवाई होनी तय है।
पीसीबी ने जारी किया ये आधिकारिक बयान
पीसीबी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि लाहौर कलंदर्स के फखर जमान पर एचबीएल पीएसएल 11 की खेलने की शर्तों के अनुच्छेद 41.3 का उल्लंघन करने का आरोप लगा है, जिसके अनुसार गेंद की स्थिति बदलने वाला कोई भी काम करना एक अपराध माना जाता है। बयान में आगे कहा गया है कि मैच रेफरी रोशन महानामा की अध्यक्षता में हुई अनुशासनात्मक सुनवाई के दौरान फखर ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। अगले 48 घंटों के भीतर एक और सुनवाई होनी है, जिसके बाद मैच रेफरी अपना फैसला सुनाएंगे। यह घटना मैच की दूसरी पारी के दौरान हुई थी।