परिवार पर दोहरी मार! 9 साल बच्ची को स्कूल में आया हार्ट अटैक, 4 माह पहले भाई की भी कार्डियक अरेस्ट से गई थी जान
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले के गोटन कस्बे से एक यह हृदय विदारक घटना सामने आई है। दरअसल तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की 9 वर्षीय बेटी दिव्या स्कूल में प्रार्थना सभा से पहले मैदान में खेल रही थी। तभी प्रार्थना के दौरान बच्ची की मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो किसी को भी झकझोर सकता है।
अचानक कार्डियक अरेस्ट
बता दें कि खेलते समय दिव्या अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गई। स्कूल स्टाफ उसे तुरंत अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट को मौत का कारण बताया। गोटन इंटरनेशनल स्कूल के परिसर में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्ची को अचानक गिरते हुए देखा जा सकता है।
परिवार पर दोहरी मार
इस दुखद घटना का सबसे क्रूर पहलू यह है कि दिव्या के बड़े भाई अभिषेक (16 वर्ष) की भी लगभग 4-5 महीने पहले (सितंबर 2025 में) इसी तरह अचानक बेहोश होकर गिरने से मौत हो गई थी। यह घटना बच्चों में बढ़ते हृदय रोगों और अनुवांशिक कारणों की ओर इशारा करती है, जिससे चिकित्सा जगत और अभिभावक दोनों चिंतित हैं।