ऐसी शादी जिसके बारे में कभी सुना ना होगा: शादी करने दूल्हा गया था गांव लेकिन सात फेरे लिए अस्पताल में, जानिए ऐसी क्या नौबत आ गई...

Update: 2025-07-08 09:51 GMT

महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। आपने विवाह फिल्म में अस्पताल में शादी देखा होगा। लेकिन यहां कुछ ऐसा हो गया जिसकी वजह से फिल्मी स्टाइल में अस्पताल में दुल्हा ने दुल्हन के साथ सात फेरे लिए हैं। वहीं अब यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग कह रहे हैं एक विवाह ऐसा भी।

अस्पताल में ही शादी की रस्में हुईं पूरी

दरअसल, सगाई में डांस को लेकर हुई कहासुनी होने के बाद बदला लेने की भावना से दुल्हन के मौसेरे भाई ने दूल्हे और बरातियों की पिटाई कर दी। इसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। वहीं इस मारपीट में दूल्हा घायल हो गया। जिसके बाद घायल दूल्हे को नागरिक अस्पताल ले जाना पड़ा। पिटाई से आहत दूल्हे ने दुल्हन के गांव जाने से मना किया तो दुल्हन अस्पताल पहुंच गई। देर रात गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में अस्पताल में ही शादी की रस्में पूरी हुईं।

दूल्हा बुरी तरह से जख्मी

बता दें कि महेंद्रगढ़ जिले के ताजपुर गांव में दो दिन पहले सगाई समारोह था। इसमें दुल्हन का मौसेरा भाई भी पहुंचा हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार डीजे पर डांस को लेकर यहां उसकी दूल्हे पक्ष के लोगों से कहासुनी हुई थी। उस वक्त तो उसने कुछ नहीं कहा लेकिन मन में बदले की भाावना पाले बैठा था। इसके बाद रविवार की रात गोहाना थाना क्षेत्र के खंदराई गांव में बरात पहुंची थी। जहां नाश्ते के बाद जैसे ही घुड़चढ़ी शुरू की अचानक मारपीट शुरू हो गई। इस मामले में वहां मौजूद लोगों का कहना है कि बरात शुरू ही हुई थी कि अचानक करीब 20 से 25 युवक वहां आ धमके और दूल्हे और बरातियों की पिटाई शुरू कर दी। इससे मौके पर भगदड़ मच गई और बराती जान बचाकर भागने लगे। दूल्हा बुरी तरह से जख्मी हो गया।

दुल्हन की विदाई भी अस्पताल से हुई

वहीं मारपीट की वजह से शादी खतरे में पड़ गई। अस्पताल पहुंचे दूल्हे ने शादी से साफ मना कर दिया। ऐसे संवेदनशील माहौल में गांव के बुजुर्ग आगे आए और सूझबूझ दिखाते हुए दोनों पक्षों में सुलह करवाने की कवायद शुरू की। काफी ना-नुकुर के बाद आखिरकार दूल्हे के परिवार वाले शादी के लिए राजी हो गए लेकिन दुल्हन के दरवाजे जाने से मना कर दिया। हालांकि देर रात दोनों पक्षों में दुल्हन के घर के बजाय अस्पताल में ही शादी की रस्में संपन्न कराने पर सहमति बनी। इसके बाद दुल्हन को अस्पताल बुलाया गया। दूल्हा-दुल्हन ने अस्पताल परिसर में ही एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। दुल्हन की विदाई भी अस्पताल से की गई।

डीजे में पसंद का गाना लगवाने को लेकर हुआ विवाद

कहा जा रहा है कि सगाई की रस्म महेंद्रगढ़ के अटेली मंडी क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी युवक से हुई थी। सगाई की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे के परिवार की महिलाएं डीजे पर डांस कर रही थीं। दुल्हन के मौसेरे भाई की पत्नी और बहन ने डीजे वाले से अपनी पसंद का गाना लगवाया, जिसे दूल्हा पक्ष की महिलाओं ने बीच में ही बंद करा दिया। यहां खटास शुरू हो गई। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। लेकिन उस दौरान सुलह करा दी गई थी। बरातियों के स्वागत का बेहतर इंतजाम किया गया था। डेढ़ सौ बरातियों के लिए खाना तैयार कराया गया था लेकिन विवाद में सब तहस नहस हो गया। हालांकि इन सब के बाद भी किसी ने थाने में शिकायत नहीं दी है।

Tags:    

Similar News