पंकज त्रिपाठी पर टूटा दुखों का पहाड़: मां हेमवंती देवी ने 89 वर्ष की उम्र में कहा अलविदा
वह काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं और बढ़ती उम्र के चलते कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थीं। उन्होंने बिहार के गोपालगंज स्थित उनके पैतृक गांव में परिवार और प्रियजनों के बीच अंतिम सांस ली।;
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के लिए दुखभरी खबर सामने आई है। उनकी मां श्रीमती हेमवंती देवी का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह काफी समय से बीमार चल रही थीं और बढ़ती उम्र के कारण कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थीं। पंकज त्रिपाठी की मां ने बिहार के गोपालगंज स्थित उनके पैतृक गांव में परिवार और प्रियजनों के बीच अंतिम सांस ली।
पंकज त्रिपाठी अपनी मां के बेहद करीब थे। वे अक्सर इंटरव्यू में अपनी मां का जिक्र करते थे और बताते थे कि उनकी सफलता के पीछे मां का आशीर्वाद और संस्कारों की बड़ी भूमिका रही है। मां के निधन से अभिनेता और उनका पूरा परिवार गहरे शोक में है।
पंकज त्रिपाठी अपनी मां के आखिरी पलों में उनके साथ मौजूद थे। उनका अंतिम संस्कार 1 नवंबर 2025 को बेसलंड में परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में किया गया। अभिनेता ने इस दुखद घड़ी में एक बयान जारी कर कहा कि वे सभी से निवेदन करते हैं कि इस समय परिवार को प्राइवेसी दी जाए और उनकी मां को प्रार्थनाओं में याद रखा जाए।
मां के निधन की खबर सामने आते ही पंकज त्रिपाठी के फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें हिम्मत देने और संवेदना जताने वाले संदेश साझा किए। कई प्रशंसकों ने हेमवंती देवी को श्रद्धांजलि दी और लिखा कि पंकज जी हमेशा अपनी सादगी और परिवारिक मूल्यों के लिए जाने जाते हैं, उनकी मां का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा।
पंकज त्रिपाठी ने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक लंबा और संपूर्ण जीवन जिया और उनका आशीर्वाद और यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी। उनके पैतृक गांव बेलसंड में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने हेमवंती देवी के निधन पर गहरा दुख जताया और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की प्रार्थना की।