नगर निकाय चुनाव से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका! इन नेताओं ने पार्टी का छोड़ा दामन, जानें वजह
मुंबई। महाराष्ट्र में दिसंबर में नगर निकाय चुनाव होने वाला है। लेकिन चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मिली जानकारी के अनुसार, ठाणे में पार्टी के कई नेताओं ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है। ठाणे के कल्याण में कांग्रेस के तमाम पदाधिकारियों ने कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका यानी KDMC चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया है। त्यागपत्र देने वालों में कांग्रेस की कल्याण यूनिट के चीफ सचिन पोटे भी शामिल हैं।
यह फैसला किसी प्रकार की नाराजगी का संकेत नहीं
मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि केडीएमसी चुनाव प्रस्तावित हैं लेकिन पार्टी की तरफ से इसका प्रोग्राम अभी तक घोषित नहीं किया गया है। सचिन पोटे ने त्यागपत्र देने के बाद मीडिया से कहा कि उनका इस्तीफा आलाकमान के उस निर्देश के बाद आया है, जिसमें नए पदाधिकारियों के लिए जगह बनाने की बात कही गई थी। दरअसल, सचिन पोटे ने कहा कि यह फैसला किसी प्रकार की नाराजगी का संकेत नहीं है। बाहरी दबावों और अन्य सियासी दलों से उनकी पार्टी में शामिल होने के प्रपोजल मिलने के बावजूद वह और उनके समर्थक कांग्रेस की आईडियोलॉजी और उसके नेतृत्व के प्रति वफादार रहेंगे।
निगम चुनाव के जनवरी 2026 में होने की उम्मीद
बता दें कि दिसंबर के पहले हफ्ते में महाराष्ट्र में निकाय चुनाव है। 2 दिसंबर को महाराष्ट्र के 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के चुनाव के लिए मतदान होगा और इसका परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किया जाएगा जबकि नगर निगम चुनाव के जनवरी 2026 में होने की उम्मीद है।