Aly Goni: घर ढूंढने में अलि गोनी को सहना पड़ा भेदभाव, लोगों ने कहा- हम मुस्लिमों को घर नहीं देते
अली गोनी ने बताया है कि वो जल्द ही गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ लिव-इन में रहने वाले हैं।;
मुंबई। मशहूर टीवी कपल अलि गोनी और जैस्मिन भसीन अक्सर अपने रिलेशनशिप को लेकर चर्चाओं में बने रहते हैं। एक्टर अलि गोनी ने कई बार कहा है कि मुस्लिम और कश्मीरी होने पर उनके साथ भेदभाव हुआ है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में अली ने बताया कि जब वो और जैस्मिन मुंबई में घर ढूंढ रहे थे, तब कई लोगों ने ये कहते हुए घर नहीं दिया कि वे मुस्लिमों को घर नहीं देते।
मुस्लिम होने की वजह से नहीं दिया घर
अली गोनी से हाल ही में एक इंटरव्यू में पूछा गया कि कश्मीरी होने पर उन्हें कैसे भेदभाव का सामना करना पड़ा। इस पर अली ने जवाब दिया कि इंडस्ट्री में तो कभी ये नहीं हुआ, लेकिन घर ढूंढने में मेरे साथ भेदभाव हुआ। बहुत ज्यादा, आज भी होता है। अभी भी मैं और जैस्मिन घर ढूंढ रहे थे, तो मैं आपको 50 बिल्डिंग्स गिनवा दूंगा, जिन्होंने कहा कि हम मुस्लिमों को घर नहीं देते।
अलि ने बताया कि मना करने वाले ज्यादातर लोग बुजुर्ग ही थे या 50-60 के थे। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा 5-10 साल जीने वाले हैं वो। उसके बाद या जलकर राख हो जाएंगे या कब्र में दफन हो जाएंगे। तो क्या करेंगे उस बिल्डिंग का।
लिव-इन में रहेंगे अलि और जैस्मिन
इस बातचीत के दौरान अली गोनी ने ये भी बताया है कि वो जल्द ही गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ लिव-इन में रहने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने मुंबई में घर ढूंढ लिया है। वो और जैस्मिन अभी शादी की जल्दी में नहीं हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो फिलहाल अलि गोनी 'लाफ्टर शेफ्स 2' शो में नजर आ रहे हैं।