रूस में समुद्र के नीचे 8.7 तीव्रता का भूकंप आया, कई इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी
कैलिफोर्निया, ओरेगन, वाशिंगटन और हवाई सहित पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।;
नई दिल्ली। रूस में समुद्र के नीचे 8.7 तीव्रता का भूकंप आया। इसके चलते कई इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। भूकंप कर केंद्र जापान के चार बड़े द्वीपों में से सबसे उत्तरी द्वीप होक्काइडो से लगभग 250 किलोमीटर दूर था। कैलिफोर्निया, ओरेगन, वाशिंगटन और हवाई सहित पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।
कामचटका प्रायद्वीप के पास शक्तिशाली भूकंप
रूस के पूर्वी तट पर कामचटका प्रायद्वीप के पास शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया कि सुबह 8:25 बजे भूकंप समुद्र के नीचे उथले इलाके में आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.7 दर्ज की गई। इसके कारण रूस, जापान, गुआम, हवाई और अलास्का में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, यूएसजीसी ने बताया कि भूकंप का केन्द्र रूस के कामचटका प्रायद्वीप में पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 133 किमी दक्षिण-पूर्व में 74 किमी की गहराई पर था।
उत्तरी द्वीप होक्काइडो से लगभग 250 किलोमीटर दूर था
जापान के एनएचके टेलीविजन के अनुसार, भूकंप जापान के चार बड़े द्वीपों में से सबसे उत्तरी द्वीप होक्काइडो से लगभग 250 किलोमीटर दूर था। प्रशांत तट पर समुद्र में 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। शुरुआत में इसने भूकंप की तीव्रता 8.0 बताई थी।
टोक्यो विश्वविद्यालय के भूकंप विज्ञानी शिनिची साकाई के मुताबिक, अगर भूकंप का केंद्र उथले हिस्से में हो तो दूर से आने वाले भूकंप सुनामी का कारण बन सकते हैं। यह भूकंप भी इसी श्रेणी में आता है।