अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा-थूककर चाटने वाला अयोध्या GST अफसर, मंत्री के आका वाले बयान पर भड़के! जानें क्या कहा...
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या के GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत सिंह के इस्तीफा वापस लेने पर निशाना साधा है।
वाराणसी। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या के GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत सिंह के इस्तीफा वापस लेने पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बरेली मजिस्ट्रेट के इस्तीफा देने के बाद जो त्याग पत्र दिया गया था। वो अब वापस ले लिया है, मतलब ये आदमी थूक कर चाट चुका है। शंकराचार्य ने आगे कहा कि हमने तभी कहा था कि ये जो त्याग पत्र दिया गया है वो चार दिन में वापस हो जाएगा और ऐसा ही हुआ।
सीएम योगी के सपोर्ट में दिया था इस्तीफा
दरअसल, GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने सीएम योगी के सपोर्ट में इस्तीफा दे दिया था, लेकिन महज 4 दिन बाद ही यूटर्न लेते हुए अपना फैसला वापस ले लिया था। अफसर ने बयान दिया था कि मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं है। फिलहाल मैं अपने दफ्तर में काम कर रहा हूं।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पर भी किया पलटवार
अविमुक्तेश्वरानंद ने पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के बयान पर भी पटलवार किया। उन्होंने कहा कि मंत्री आका शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। आका अरबी शब्द है। उन्हें पता नहीं कि शंकराचार्य सर्वोच्च पद है। उसके ऊपर कोई नहीं हो सकता है। तुम्हारे आका हो सकते हैं। तुम मंत्री हो, तुम्हारे आका मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री के आका राज्यपाल और केंद्र में मंत्री हैं। तुम्हारी मुसलमानी भाषा बता रही है कि सबकुछ मुगलिया हो चुका है।
दरअसल हाल ही में बरेली में धर्मपाल सिंह ने कहा था कि अविमुक्तेश्वरानंद गोकशी पर सफेद झूठ बोल रहे हैं। यूपी में जिस गोकशी की बात वो कर रहे हैं, वह दरअसल अविमुक्तेश्वरानंद के 'आकाओं' का काम रहा है।