जम्मू कश्मीर की नगरोटा सीट पर भाजपा की दमदार जीत, अंता सीट पर कांग्रेस जीत की तरफ

Update: 2025-11-14 07:20 GMT

नई दिल्ली। आज बिहार विधानसभा चुनाव के साथ-साथ देश के छह राज्यों और जम्मू-कश्मीर की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की भी मतगणना की जा रही है। बता दें कि इन सीटों में राजस्थान की अंता, झारखंड की घाटशिला, पंजाब की तरनतारन, तेलंगाना की जुबली हिल्स, मिजोरम की डंपा, ओडिशा की नुआपाड़ा और जम्मू-कश्मीर की बडगाम व नगरोटा सीटें शामिल हैं।

नगरोटा में जीत दर्ज करने के बाद क्या बोलीं देवयानी राणा

नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार देवयानी राणा ने अपनी जीत पर कहा, "हमारा सौभाग्य है कि जिस तरीके से 2024 में नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र के हर मतदाता ने बढ़-चढ़कर हमको आर्शीवाद दिया था और एक बार फिर हमें सौभाग्य मिला है 2025 में हर घर हर परिवार ने हमें बढ़-चढ़कर आर्शीवाद दिया है।"

नगरोटा में भाजपा ने दर्ज की जीत

भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू कश्मीर की नगरोटा सीट पर दमदार जीत दर्ज की। देवयानी राणा ने 42350 वोट हासिल किए. जम्मू एण्ड कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (इंडिया) के हर्ष देव सिंह दूसरे नंबर पर रहे। उन्हें 17702 वोट मिले।

अंता सीट पर कांग्रेस जीत की तरफ

जानकारी के मुताबिक राजस्थान की अंता सीट से कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया ने बड़ी बढ़त बना ली है। उन्हें 12वें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद 44074 वोट मिले हैं। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा दूसरे पायदान पर हैं। उन्हें 34868 वोट मिले हैं। भाजपा तीसरे नंबर पर है। पार्टी के प्रत्याशी मोरपाल सुमन को 32951 वोट मिले हैं।

पंजाब की तरन तारन सीट पर आम आदमी पार्टी की बढ़त

पंजाब की तरन तारन सीट पर आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधु आगे चल रहे हैं। वहीं तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट से कांग्रेस के नवीन यादव आगे चल रहे हैं। भारतीय राष्ट्र समिति की सुनीता गोपीनाथ दूसरे नंबर पर हैं। भाजपा के दीपक रेड्डी तीसरे नंबर पर हैं।

मिजोरम में भाजपा को करना पड़ा हार का सामना

बता दें कि मिजोरम की डंपा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट के डॉक्टर आर लालथंगलिना ने दमदार जीत दर्ज की। उन्हें 6981 वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। उसे 2394 वोट मिले हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 1541 वोट मिले हैं। जिसके साथ ही बीजेपी चौथे नंबर पर सबसे बुरा हाल रहा।

Tags:    

Similar News