होली में कारोबारी हो जाएंगे मालामाल… 80000 करोड़ रुपये के कारोबार होने का अनुमान

व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से दिल्ली में सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिल रही है

Update: 2026-02-22 15:05 GMT

नई दिल्ली। इस बार रंगों का त्योहार होली देशभर के व्यापारियों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के मुताबिक, इस साल होली पर बाजारों में 80 हजार करोड़ रुपये अधिक का शानदार कारोबार होने की उम्मीद है। यह आंकड़ा पिछले साल के 60 हजार करोड़ रुपये के मुकाबले करीब  25 प्रतिशत अधिक है।

 बाजार में स्वदेशी उत्पादों का दबदबा

प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का असर अब जमीनी स्तर पर और बाजारों की रौनक में साफ नजर आने लगा है। पहले होली के अवसर पर बाजारों में पूरी तरह से चीनी पिचकारियों और अन्य सामानों का कब्जा होता था। लेकिन साल 2021 के बाद से हालात तेजी से बदले हैं और अब बाजार में पूरी तरह से स्वदेशी उत्पादों का दबदबा है।

भारतीय सामान को प्राथमिकता

लोग अब भारत में बने प्राकृतिक रंग, हर्बल गुलाल, चंदन और पूजन सामग्री को प्राथमिकता दे रहे हैं। देसी कारीगरों द्वारा तैयार की गई पिचकारियां, गुब्बारे और अन्य सामान हाथों-हाथ बिक रहे हैं। इससे  छोटे व्यापारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। विदेशी निर्भरता खत्म होने से स्थानीय कारोबारियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही है।

 पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ी

अब लोग अपनी सेहत और त्वचा को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं। इसलिए केमिकल वाले पक्के रंगों की जगह हर्बल और प्राकृतिक रंगों की मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ है। वहीं दूसरी ओर, बच्चों के बीच स्पाइडर-मैन और छोटा भीम जैसे मशहूर किरदारों वाली पिचकारियां आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। वहीं, रंगों के अलावा परिधानों के बाजार में भी भारी तेजी दर्ज की गई है। होली खेलने के लिए खास तौर पर सफेद टी-शर्ट, पारंपरिक कुर्ता-पायजामा और सलवार-सूट की जमकर खरीदारी हो रही है।  ‘हैप्पी होली’ के संदेश वाली प्रिंटेड टी-शर्ट भी बड़ी संख्या में खरीदी जा रही हैं। 

दिल्ली के बाजारों में दिखी रौनक

व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से दिल्ली में सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिल रही है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल के मुताबिक, अकेले दिल्ली में 15 हजार करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है।

Tags:    

Similar News