Cloudburst in Kishtwar : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में फटा बादल, भारी तबाही का मंजर! राजौरी-मेंढर में भी बाढ़ का कहर
इस आपदा में 12 लोगों के मरने की आंशका है। फिलहाल राहत बचाव कार्य जारी है।;
किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पड्डर सब-डिवीजन में बादल फटने का मामला सामने आया है। बता दें कि पड्डर के चिशोती गांव में मचैल माता मंदिर के पास बादल फटा है। जिसके चलते इलाके में अचानक बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। घटना होने के बाद मौके पर बचाव कार्य शुरू हुआ है। इसके अलावा, कश्मीर के राजौरी और मेंढर से भी बादल फटने की जानकारी सामने आ रही है। साथ ही इस घटना में 12 लोगों के मरने की आंशका है।
बचाव दल रवाना
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने स्थानीय अधिकारियों से बात की और घटना की जानकारी हासिल की। जितेंद्र सिंह ने एक्स पर पोस्ट पर जानकारी दी है कि चोसिटी इलाके में बादल फटने से भारी जनहानि की आशंका है। प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। कहा कि बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "अभी-अभी जम्मू-कश्मीर के LoP और स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा से मिली जानकारी के बाद मैंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात की। चोसिटी इलाके में बादल फटने से से भारी जनहानि की आशंका है। प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है और बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है।"
केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जरूरी बचाव एवं चिकित्सा प्रबंधन व्यवस्था की जा रही है। मेरे दफ्तर को नियमित अपडेट मिल रहे हैं और हर मुमकिन मदद मुहैया कराई जा रही है।