Delhi-NCR में में ठंड का कहर! 8 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी, जानें किन राज्यों में रहेगा कोल्ड डे
नई दिल्ली। दिल्ली इस वक्त भयंकर ठंड के चपेट में है। कंपकंपी ठंड की वजह से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वहीं आज लगातर दूसरे दिन भी कोल्ड डे दर्ज किया गया। जहां दिन में पारा तेजी से गिरा और पालम और लोधी रोड पर कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई।
8 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। दिल्ली को 8 जनवरी के लिए येलो अलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि मौसम विभाग ने दिल्ली में घना कोहरा छाने का अनुमान लगाया है। इससे सुबह-सुबह विजिबिलिटी कम हो जाएगी। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकती है। सुबह के समय सतह पर मुख्य हवा पश्चिम दिशा से चलेगी और हवा की गति 10 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दोपहर में हवा की गति बढ़कर उत्तर-पश्चिम दिशा से 16 किमी प्रति घंटे तक हो जाएगी।
इन राज्यों में कोल्ड डे जैसी स्थिति रहने की संभावना
हालांकि देश के लोगों को कड़ाके की सर्दी से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उत्तर भारत में 8 जनवरी को हांड कंपा देने वाली ठंड और दक्षिण भारत में बारिश का अनुमान है। वहीं, दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली में 8 तारीख को कोल्ड डे जैसी स्थिति रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में शून्य से नीचे तापमान दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में न्यूनतम तापमान 5°-10°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.3°C अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) में दर्ज किया गया जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पहाड़ी राज्यों में ज्यादातर जगहों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। इन सभी राज्यों में कोल्ड जैसी स्थिति रहेगी।