DELHI-NCR में इस साल होली पर होगी सबसे अधिक गर्मी! IMD ने जतायी इस बात की संभावना
नई दिल्ली। दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। यहां तक कि होली पर इस बार भयंकर गर्मी का एहसास होने वाला है। मार्च के पहले हफ्ते में पारा धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। आज अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं होली के दिन को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियम रहने की संभावना है।
होली के दिन हवा की गति 15-25 किमी प्रति घंटा रहेगी
IMD के अनुसार, होली वाले दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगर पारा 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, तो होली इस साल का सबसे गर्म होली बन सकती है। दरअसल, मौसम विभाग ने 4 मार्च के लिए आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दिन सतह पर हवा की गति 15-25 किमी प्रति घंटा रहेगी और दिन के दौरान कभी-कभी 35 किमी प्रति घंटा तक के हवा के झोंके आ सकते हैं।
AQI 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना
दिल्ली में आज आर्द्रता 74 फीसदी और शाम को 33 फीसदी दर्ज की गई। मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह 'मध्यम' श्रेणी में था। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, होली के दिन और 6 मार्च तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना है।