दुर्गा पूजा पंडाल को दिया 'वेटिकन सिटी' का रूप! पंडाल में दिखी ईसाई धर्म की झलकियां, VHP ने किया बवाल

यहां पंडाल के बाहर ईसाई धर्म से संबंधित कई सारी मूर्तियां लगायी गयी है। इसके अलावा पंडाल के अंदर भी ईसाई धर्म से संबंधित पोस्टर्स लगाये गये हैं।;

Update: 2025-09-26 05:16 GMT

रांची। राजधानी रांची के एक दुर्गा पूजा पंडाल को लेकर विवाद छिड़ गया है। लोग सोशल मीडिया पर जमकर इस पंडाल को ट्रोल कर रहे हैं। पंडाल से संबंधित कई वीडियो और फोटो भी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। दरअसल दावा किया जा रहा है कि इस पंडाल में ईसाई धर्म की झलकियां दिखाई गई है।

पंडाल में ईसाई धर्म की झलकियां

आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस साल करीब 78 लाख रुपये की लागत से वेटिकन सिटी की थीम पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल बनाया गया है। यहां पंडाल के बाहर ईसाई धर्म से संबंधित कई सारी मूर्तियां लगायी गयी है। इसके अलावा पंडाल के अंदर भी ईसाई धर्म से संबंधित पोस्टर्स लगाये गये हैं। दुर्गा पूजा पंडाल में ईसाई धर्म की झलकियां देख लोग भड़क उठे हैं। सोशल मीडिया पर इस पूजा पंडाल को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।

वीएचपी ने किया बवाल

जानकारी के मुताबिक VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि इस पंडाल में ईसाई धर्म के प्रतीक चिन्ह लगाए गए हैं और अंदर मदर मैरी और अन्य धार्मिक चरित्रों की तस्वीरें लगाई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम धर्मांतरण को बढ़ावा देने और हिंदुओं की आस्था को चोट पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।  बंसल ने कहा, 'अगर आयोजकों को इतनी ही धर्मनिरपेक्षता दिखानी है, तो क्या कभी चर्च या मदरसों के आयोजनों में किसी हिंदू देवी-देवता की तस्वीर लगाई जाती है? उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड इकाई इस पर जल्द सख्त निर्णय लेगी और आयोजकों से मांग की कि वो तुरंत पंडाल से ईसाई धार्मिक प्रतीकों को हटाएं।

आयोजन समिति ने दी सफाई

बता दें कि आयोजन समिति के अधिकारी ने सफाई देते हुए बताया कि कोलकाता में इस थीम ने भारी भीड़ जुटाई थी और रांची में भी लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि किसी की भावना आहत करने का का कोई मकसद नहीं है और पूजा पूरी तरह वैदिक परंपराओं के अनुसार की जा रही है।

Tags:    

Similar News