'सरके चुनर तेरी..' गाने पर विवाद के बाद मेकर्स ने यूट्यूब से हटाया गाना, लिरिक्स ने मचाया बवाल

Update: 2026-03-17 08:18 GMT

मुंबई। इन दिनों नोरा फतेही और संजय दत्त का नया गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ विवाद का कारण बना हुआ है। दरअसल इस गाने ने रिलीज होते ही हंगामा मचा दिया है। सभी जगह इस गाने के लिरिक्स को लेकर बवाल हो रहा है। ऐसे में अब इस गाने को लेकर सेलेब्ल और लोगों के रिएक्शन के बाद अब गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है।

लिरिक्स पर मच रहा बवाल

बता दें कि इस गाने के बोल यानी लिरिक्स पर जमकर बवाल मच रहा है। दरअसल शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाने के लिरिक्स और वीडियो बहुत अश्लील और आपत्तिजनक हैं। ये बोल बच्चों और युवाओं पर गलत असर डाल सकते हैं। इस गाने को रकीब आलम ने लिखा है।

कार्रवाई की उठी थी मांग

जानकारी के मुताबिक शिकायत को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तक भी भेजा गया है और इस पर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि गाने में डबल मीनिंग लिरिक्स और उत्तेजक डांस मूव्स दिखाए गए हैं, जो सार्वजनिक मर्यादा के खिलाफ हैं। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS), POCSO एक्ट और IT एक्ट के तहत कार्रवाई की भी मांग की गई है। साथ ही दिल्ली पुलिस साइबर सेल में भी अलग से शिकायत दी गई है।

लोगों का फूटा गुस्सा

गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है, कई यूजर्स इसे ‘वलगर’ और ‘भद्दा’ बता रहे हैं। सिंगर अरमान मलिक ने भी एक्स पर पोस्ट कर गाने के लिरिक्स पर नाराजगी जताई है।

किस फिल्म का है गाना?

जानकारी के मुताबिक कन्नड़ सुपरस्टार ध्रुव सरजा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'केडी: द डेविल' का है। बता दें कि यह फिल्म आधिकारिक तौर पर 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म कन्नड़ के साथ-साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज होगी। फिल्म में ध्रुव सरजा के साथ बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और नोरा फतेही नजर आएंगे।

NHRC ने भी दिखाई नाराजगी

इस पूरे विवाद पर प्रियंक कानूनगो ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बता दें कि प्रियंक कानूनगो नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) के सदस्य हैं। 16 मार्च को जब उनसे इस गाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘कौन है जो अपने सभ्य परिवार के साथ बैठकर इसे देख सकता है?’ उनके इस बयान के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयोग ने गाने के कंटेंट को ध्यान में रखते हुए मेकर्स को नोटिस भी जारी किया था।

 यूट्यूब से हटा गाना 

बता दें कि गाने को लेकर इतना विरोध होने के बाद मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया, बल्कि उन्होंने चुपके से इस गाने को यूट्यूब से ही हटा दिया।अब यूट्यूब पर 'सरके चुनर तेरी सरके' सर्च करने पर या तो गाना दिखाई नहीं दे रहा है, और दिख भी रहा है, तो चल नहीं रहा है। 



Tags:    

Similar News