‘1 करोड़ कैश और 2 बीघा जमीन दे…’, सुहागरात को ही हो गया खेला, फिर दुल्हन को छोड़ा मायके, पत्नी ने इतने लोगों पर कराया मुकदमा दर्ज...

हेमलता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे एक कमरे में भूखा प्यासा बंद करके रखा जाता था

Update: 2026-01-30 09:30 GMT

इटावा। यूपी के इटावा से अजीबोगरीब खबर सामने आई है। दरअसल एक सरकारी लेखपाल पर पत्नी से दहेज के लिए एक करोड़ रुपये मांगने, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं पति ने अपने पत्नी को मायके पहुंचा दिया। वहीं, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत 17 लोगों के विरूद्ध दहेज उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़ित पत्नी ने दी पुलिस को जानकारी

जानकारी के मुताबिक, यह मामला शादी के बाद ही शुरू हो गया था। जय भारत कॉलोनी की रहने वाली हेमलता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 12 नवंबर 2024 को दीप्तेश पासवान के साथ हुई थी। दीप्तेश पासवान वर्तमान में बलरामपुर जिले की उतरौला तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात है। शादी के समय लड़की वालों ने कार, जेवरात, घरेलू सामान और 25 लाख रुपये नकद दहेज के तौर पर दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष इतने से संतुष्ट नहीं था।

पति देता था पत्नी को ताना

पीड़िता के मुताबिक, शादी की पहली ही रात मतलब सुहागरात पर ही पति ने दहेज कम मिलने की बात कहते हुए ताने देने लगा। उसने खुद को सरकारी लेखपाल बताते हुए कहा कि उसकी आमदनी वेतन से कई गुना अधिक है। इसके बाद लगातार बड़ी लग्जरी कार और एक करोड़ रुपये मांग करने लगा। इसके साथ ही हाईवे पर पेट्रोल पंप के लिए दो बीघा जमीन दिलाने का भी दबाव बनाता था।

कमरे में पत्नी को रखता था बंद

हेमलता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे एक कमरे में भूखा प्यासा बंद करके रखता था। रसोई में खाना बनाते वक्त सास और देवरानियां गरम तेल में पानी डालकर उस पर छींटे मारती थीं, जिससे वह कई बार झुलस चुकी थी। इतना ही नहीं खाने में जहरीले पदार्थ और नींद की गोलियां भी ससुराल वाले मिलाते थे।

घरेलू सामान के उपयोग पर लगाई रोक

पीड़िता ने कहा कि दहेज में लाए गए घरेलू सामान का इस्तेमाल करने से उसे रोका जाता था। यदि कभी गलती से भी वह वॉशिंग मशीन या डायनिंग टेबल का उपयोग कर लेती थी तो उसे सजा दी जाती थी।

भाईदूज के बहाने पत्नी को छोड़ा मायके

जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2025 को भाईदूज के मौके पर पति उसे मायके महेवा ले गया और बाद में बहाने से वहीं छोड़कर चला गया। इसके बाद फोन करने पर वह एसआईआर ड्यूटी का हवाला देकर बात टालता रहा और ससुराल पक्ष ने साफ कह दिया कि एक करोड़ रुपये लाने पर ही उसे वापस रखा जाएगा।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर पति दीप्तेश पासवान समेत 17 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की गहनता से जांच जारी है।

Tags:    

Similar News