जाम की तपस में बिलबिलाए बच्चे, एंबुलेंस से निकल रही थी मरीजों की चीख...दोपहर में भी चोक है नोएडा
नोएडा फेज 2 में एक कंपनी के कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान, गाड़ियों और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया गया और पत्थरबाजी हुई। वे अपनी सैलरी बढ़ाने की मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं।
नोएडा। नोएडा के अलग-अलग सेक्टर में जारी कर्मचारियों के प्रदर्शन की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है। प्रचंड गर्मी में लोगों का जाम की वजह से बुरा हाल हो रहा है। यहां तक कि लंबी जाम की वजह से चीख पुकार मच गया है। छोटे बच्चों से लेकर एंबुलेंस में मरीज भी फंसे हैं। यहां तक कि भीषण जाम में गई गाड़ियों में तेल भी खत्म हो गया है। वहीं कई लोग सुबह से दफ्तर के लिए निकले दोपहर तक अपने काम की जगह पर पहुंच पाए हैं।
नोएडा से जोड़ने वाले चिल्ला बॉर्डर को बंद
नोएडा फेज 2 में हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाले चिल्ला बॉर्डर को बंद कर दिया गया है, जिससे दिल्ली-नोएडा DND फ्लाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम हो गया है। नोएडा फेज 2 में एक कंपनी के कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान, गाड़ियों और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया गया और पत्थरबाजी हुई। वे अपनी सैलरी बढ़ाने की मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन किया लागू
नोएडा के अलग-अलग सेक्टर में जारी कर्मचारियों के प्रदर्शन का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के यातायात पर भी पड़ा है। सेक्टर-62 फॉर्टिस हॉस्पिटल के पास कंपनी कर्मचारियों के धरने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन लागू कर दिया है। इसी तरह सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के नीचे से यातायात का संचालन कराया जा रहा है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
गाजियाबाद पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट
नोएडा में प्राइवेट कर्मचारियों के प्रदर्शन को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस उपायुक्त नगर/मुख्यालय द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त इन्दिरापुरम धवल जायसवाल ने पुलिस बल के साथ शान्ति एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत एनएच-09, सेक्टर 62 कट थाना क्षेत्र इन्दिरापुरम का दौरा किया। वहीं पुलिस ने बताया कि फ्लैगमार्च के दौरान पुलिस उपायुक्त महोदय द्वारा वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए सभी सम्बन्धित अधिकारीगणों/कर्मचारीगणों को अलर्ट रहते हुए यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराने तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए एडवाजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्राइवेट फैक्ट्रियों के मजदूरों के चल रहे आंदोलन की वजह से नोएडा में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली) से आने वाले नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर बहुत असर पड़ा है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा उसी हिसाब से प्लान करें और नोएडा जाने के लिए DND का इस्तेमाल करें। नोएडा जाने वाले ट्रैफिक वाले लोग सराय काले खां से DND का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर NH 24 - कोंडली ब्रिज का इस्तेमाल करके नोएडा मोड़ से नोएडा में आ सकते हैं।