प्रेम बना जान का दुश्मन : आशिक ने पंचायत मित्र प्रेमिका का काटा गला, खुद भी दे दी जान, आखिर क्या थी वजह...
दोनों में इतनी नजदीकी थी, तो फिर किस कारण प्रेमिका सीमा की निर्मम हत्या की।;
रायबरेली। यूपी के रायबरेली के लालगंज के भिचकौरा गांव से सनसनी फैलाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल एक राजगीर मिस्त्री ने पंचायत मित्र सीमा की गला काटकर हत्या कर दी, उसके बाद आरोपी राजगीर मिस्त्री राम सुमेर ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, प्रेम प्रसंग ही हत्या की वजह है। पंचायत मित्र सीमा की हत्या और राजगीर राम सुमेर की मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया है।
मृतक महिला पंचायत मित्र के पद पर थी कार्यरत
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र पासवान की पत्नी सीमा पंचायत मित्र के पद पर कार्यरत थीं। घर के अंदर उनका शव खून से लथपथ मिला,जबकि गले का आधा हिस्सा कटा था। वहीं हत्या में प्रयोग किया गया गड़ासा पास में ही पड़ा था। घटना के वक्त सीमा के तीनों बच्चे स्कूल गए थे।
आरोपी राम सुमेर घर से भागा था
घर में सीमा के अलावा कोई दूसरा सदस्य मौजूद नहीं था। सीमा के जेठ रमेश ने कहा कि उन्होंने दोपहर में गांव के राम सुमेर को घर से भागते देखा था। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ घर में गए, तो सीमा का खून से सना शव जमीन पर पड़ा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
राम सुमेर भी पाया गया मृत
इसी दौरान पता चला कि प्राइमरी स्कूल के पास के खेत में राम सुमेर भी मृत बेसूध पड़ा है। पुलिस राम सुमेर को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार राम सुमेर ने कोई जहरीला पदार्थ खाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि वह जहरीला पदार्थ क्या था।
दोनों के बीच थे नजदीकी संबंध
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत मित्र और राम सुमेर के बीच कई वर्षों से नजदीकी थी। पंचायत तक बात पहुंची, लेकिन राम सुमेर के कदम नहीं रुके। वह हमेशा सीमा के घर पहुंच जाता था। अब सवाल यह है कि जब दोनों में इतनी नजदीकी थी, तो फिर किस कारण से सीमा की निर्मम हत्या की। दोनों में किस बात को लेकर विवाद हुआ था।
ग्रामीणों ने दी जानकारी
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत मित्र सीमा का पति पुणे में रहकर नौकरी करता है। करीब एक माह पहले ही वह काम के लिए बाहर गया था। इस बीच राम सुमेर का सीमा के घर आना-जाना बढ़ गया था।
राम सुमेर की पत्नी ने कहा
राम सुमेर की पत्नी संतोष कुमारी ने कहा कि वह पति की हरकतों से परेशान थी। उन्होंने बताया कि पति अक्सर मारपीट करते थे। वह घर और परिवार की फिक्र नहीं करते थे। कई-कई दिनों तक घर से गायब रहते थे। सीमा की हत्या के बाद पति की ओर से आत्महत्या की जानकारी पर वो सदमे में हैं। संतोष कुमारी ने बताया कि इस घटना ने उनके तीन बेटों रितेश, अमितेश और आयुष का जीवन बर्बाद कर दिया। बेटे अमितेश का हाल ही में अग्निवीर में भर्ती हुआ है।
सीमा के मासूम बच्चों के आंसू थम नहीं रहे
सीमा की हत्या से उनके तीन मासूम बच्चों की दुनिया उजड़ गई है। मां का शव देखकर दोनों बेटे और एक बेटी का बुरा हाल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार सीमा ही घर की पूरी जिम्मेदारी संभालती थी।