'मेड इन पाकिस्तान' ब्यूटी प्रोडक्ट बेचने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
मनसे की शिकायत के बाद की कार्रवाई की गई। एमएनएस के नेताओ ने चेतावनी भी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद सख्त कदम उठाएंगे
मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस ने सिटी चौक इलाके की दुकानों पर छापा मारकर 'मेड इन पाकिस्तान' के प्रतिबंधित ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए हैं। पुलिस इन उत्पादों के आयात और नेटवर्क की जांच कर रही है। दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने तीन दुकानों पर छापेमारी करते हुए तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।
तीन दुकानों पर की गई छापेमारी
डीसीपी ने बताया इसकी खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ दुकानों पर पाकिस्तानी ब्यूटी प्रोडक्ट बेचे जा रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर की तीन दुकानों पर छापामारे की। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में 'मेड इन पाकिस्तान' प्रोडक्ट बरामद हुए।
सभी उत्पादों को किया गया जब्त
इनमें ग्लोरी, झलक, फेस कोल्ड, गोल्ड ब्यूटी क्रीम समेत कई तरह के कॉस्मेटिक सामान शामिल हैं। सभी उत्पादों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सिटी चौक पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। उन पर विदेशी व्यापार अधिनियम की धारा 3, भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एमएनएस के नेताओ ने दी थी चेतावनी
गौरतलब है कि इस शिकायत के मुताबिक शहर में बड़े पैमाने पर 'मेड इन पाकिस्तान' ब्यूटी प्रोडक्ट खुलेआम बेचे जा रहे थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके साथ ही एमएनएस के नेताओ ने चेतावनी भी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद सख्त कदम उठाएंगे।