Mansoon : दिल्ली- एनसीआर में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, जल्द दस्तक देने वाला है मॉनसून, जानें कब
नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर के लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। वहीं लोगों को अब मॉनसून का इंतजार है। ताकि भीषण गर्मी से राहत मिले। इस बीच मॉनसून को लेकर मौसम विभाग के वैज्ञानिक ने जानकारी दी है। यही नहीं उनका कहना है कि मॉनसून इस बार तेजी से आगे बढ़ रहा है।
41 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया
भारतीय मौसम विभाग वैज्ञानिक का कहना है कि परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं और आने वाले दो दिनों में मॉनसून दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अन्य हिस्सों में पहुंच जाएगा। उन्होंने इस बारे में आगे बताया कि अब तक के आंकलन के अनुसार पूरे भारत में बरसात में 41 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया है। इस बार मॉनसून बहुत अच्छा रहेगा। IMD के अनुसार सोमवार से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी में मानसूनी वर्षा की तीव्रता में वृद्धि होगी।
दिल्ली में मानसून 26–27 जून के बीच आता है
बता दें कि मौसम विभाग के वैज्ञानिक का कहना है कि इस साल मॉनसून काफी अच्छा है। अब तक की बारिश का प्रतिशत भी बढ़ा है। यह खासतौर पर खेती-किसानी के लिहाज से बेहद अच्छी खबर है। उन्होंने बताया कि देश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा हो रही है, जो खरीफ फसलों की बुआई के लिए फायदेमंद साबित होगी। उनका कहना है कि उम्मीद है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले एक‑दो दिन में दस्तक दे सकता है। सामान्यतः दिल्ली में मानसून 26–27 जून के बीच आता है।
बारिश गर्मी को राहत देने वाली साबित होगी
दरअसल, भारतीय मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग‑अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान अभी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो दिनों में बारिश इस गर्मी को राहत देने वाली साबित होगी। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ भागों में गरज के साथ वर्षा शुरू हो चुकी है।