नए साल पर मुंबई में हुई झमाझम बारिश, दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड, बादल बरसने के आसार...
उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 24 घंटे में तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है और ठंड से हल्की राहत मिल सकती है।;
नई दिल्ली। मुंबई में नए साल का स्वागत बारिश के साथ हुआ है। मुंबई में सुबह-सुबह जमकर वर्षा हुई। वहीं राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में बीते कल में यानी 31 दिसंबर को पिछले छह सालों में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, राजस्थान में शीत लहर का प्रकोप है, यूपी में भी कड़ाके की ठंड है।
दिल्ली में आज हो सकती बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, नए साल के पहले पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में भी आज बारिश के आसार हैं। यूपी के कुछ इलाकों जैसे प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, बरेली में भारी धुंध छाएगी और इस दौरान दृश्यता शून्य रहेगी। बिहार, पंजाब, असम और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में आज धुंध छाई रहेगी।
पंजाब में भी कड़ाके ठंड है
पंजाब में भी ठंड का प्रकोप जारी है। प्रदेश में काफी सर्दी है और कई दिनों से तापमान एक अंकों में चल रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 2 से 4 जनवरी तक शीतलहर चलने का अनुमान है, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 3 से 5 जनवरी के बीच शीतलहर चल सकती है।
ठंड से मिलेगी थोड़ी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 24 घंटे में तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है और ठंड से हल्की राहत मिल सकती है। मध्य भारत में भी अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।