नमाज Vs हनुमान चालीसा: लखनऊ यूनिवर्सिटी में लाल बारादरी भवन के पास नमाज पढ़ने के विरोध में हिंदू संगठनों ने पढ़ी हनुमान चालीसा, जमकर बवाल
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 मुस्लिम छात्रों को नोटिस जारी कर ₹50,000 का मुचलका भरने का आदेश दिया है।
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) में ऐतिहासिक लाल बारादरी भवन के पास नमाज पढ़ने को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में नमाज के विरोध में हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे माहौल गरमा गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों और इमारत की जर्जर हालत का हवाला देते हुए मस्जिद को सील करने के बाद छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नमाज और सुंदरकांड/हनुमान चालीसा
मुस्लिम छात्रों ने मस्जिद सील होने के विरोध में उसके बाहर नमाज अदा की। इसके जवाब में हिंदू छात्र संगठनों ने परिसर में सुंदरकांड का पाठ और हनुमान चालीसा पढ़ने की चेतावनी दी, जिससे तनाव बढ़ गया। प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोक हुई। पुलिस ने परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है और बैरिकेडिंग कर दी है। कड़ी मशक्क्त के बाद भीड़ को मौके से हटाया गया। आक्रोशित लोग बैरिकेड तोड़कर कैम्पस में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 मुस्लिम छात्रों को नोटिस जारी कर ₹50,000 का मुचलका भरने का आदेश दिया है. इन पर शांति भंग और निर्माण कार्य बाधित करने का आरोप है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि 200 साल पुरानी लाल बारादरी इमारत असुरक्षित है, इसलिए उसे सील किया गया है।